बिहार
एक घंटा पहले
2
विचारों
बिहार के दानापुर से सामने आई एक लूट की घटना ने पूरे इलाके को सकते में डाल दिया। दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाश एक घर में घुसे, बुजुर्ग महिला यानी सास के माथे पर कट्टा सटाया और घर की बहू को भी डरा-धमकाकर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ किया और फरार हो गए। पीड़ित परिवार रोता-बिलखता थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। लेकिन जांच पूरी होने के बाद जो सच सामने आया, उसने परिवार के पैरों तले से जमीन खिसका दी।
दानापुर के हथियाकांध गांव की घटना
यह मामला दानापुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में स्थित हथियाकांध गांव का है। यहां दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लाखों रुपये की लूट की गई थी। जानकारी के अनुसार 12 जून को राजेंद्र साह के घर में हथियारबंद अपराधियों ने घुसकर बुजुर्ग महिला को बंधक बना लिया और पिस्टल के बल पर नकदी व आभूषण लूटकर भाग निकले। पुलिस ने इस वारदात का खुलासा 48 घंटे के भीतर कर दिया।
सबसे बड़ा खुलासा — साजिश घर की बहू की
इस सनसनीखेज मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि लूट की पूरी साजिश घर की बहू ने ही रची थी। उसने अपने ही 'दोस्तों' को ससुराल बुलाया और वारदात को अंजाम दिलवाया। पुलिस ने बहू समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
घटना के बाद शाहपुर थाने में कांड संख्या 243/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के साथ इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान फुटेज में तीन संदिग्धों की गतिविधियां सामने आईं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लुटेरों और घर की बहू को गिरफ्तार कर लिया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
- पवन कुमार (दीघा)
- कौशल कुमार (लक्ष्मीचक, शाहपुर)
- हिमांशु कुमार (दीघा)
- प्रीति देवी (हथियाकांध)
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रीति देवी ने ही घर की अंदरूनी जानकारी अपराधियों को मुहैया कराई थी और लूट की योजना तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी।
3.42 लाख कैश समेत हथियार बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, पिस्टलनुमा एयरगन, लूटे गए 3.42 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, चांदी का सिक्का और घटना में इस्तेमाल हुए तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पवन कुमार का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
Comments
0 comment