मनोरंजन
4 दिन पहले
15
विचारों
परिणीति चोपड़ा सिर्फ़ एक प्रतिभाशाली अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन गायिका भी हैं। कई लोकप्रिय गानों को अपनी आवाज देने के साथ-साथ वे अक्सर सोशल मीडिया पर अलग-अलग कवर सॉन्ग भी साझा करती रहती हैं। अपनी पिछली फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' में भी उन्होंने अपनी गायकी से दर्शकों को चौंका दिया था और इसके बाद लाइव सिंगिंग कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। अब एक बार फिर वे अपनी गायकी को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में अभिनेत्री ने भगवान शिव को समर्पित एक भक्ति गीत का वीडियो साझा किया है, जिसमें वे रुद्राष्टकम गाती दिखाई दे रही हैं। यह वीडियो उस दौर का है जब वे गर्भवती थीं, और अब इसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करते ही यह तेजी से वायरल हो रहा है। उनकी आवाज सुनकर लोग हैरानी जता रहे हैं।
परिणीति ने गाया रुद्राष्टकम
सोमवार को परिणीति चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर अपना नया वीडियो साझा किया, जिसमें वे रुद्राष्टकम 'नमामी शमीशान' गाती नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने खुद बताया कि यह गीत उन्होंने करीब एक साल पहले रिकॉर्ड किया था और अब इसकी क्लिप साझा की है। वीडियो में वे सफेद सूट पहने रिकॉर्डिंग स्टूडियो में दिख रही हैं, जहां उनका बेबी बंप भी साफ नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि यह गीत उन्होंने ऐसे समय में रिकॉर्ड किया था जब वे खुद को आस्था और चिंतन के बेहद करीब महसूस कर रही थीं।
अभिनेत्री की भावुक पोस्ट
वीडियो साझा करते हुए परिणीति ने कैप्शन में लिखा- 'कुछ प्रार्थनाएं ऐसी होती हैं जो हमेशा के लिए यादों का हिस्सा बन जाती हैं, और 'नमामि शमीशान' उन्हीं यादों में से एक बन चुका है। मैंने इसे अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान रिकॉर्ड किया था - ये वो दौर था, जिसने मुझे आस्था, चिंतन और कृतज्ञता के और करीब ला दिया। जब भी मैं इसे सुनती हूं, मुझे अपनी जिंदगी का वह सबसे खूबसूरत दौर याद आ जाता है। मुझे आप सभी के साथ इसे शेयर करते हुए बहुत खुशी हो रही है। पूरा वीडियो अब यूट्यूब और सभी म्यूजिक प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध है। हर हर महादेव।'
आवाज के दीवाने हुए लोग
सोशल मीडिया पर यूजर इस वीडियो पर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और परिणीति की आवाज की भरपूर सराहना कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- 'बहुत खूब परिणीति जी, बहुत ही खूबसूरत आवाज।' एक अन्य ने कमेंट किया- 'हर हर महादेव। आपकी हर लाइन में आपकी भक्ति झलकती है। आप सच में कमाल के हैं! सुनकर रोंगटे खड़े हो गए। आपने इसे बहुत ही खूबसूरत बना दिया है।' वहीं एक और यूजर ने लिखा- 'कितनी खूबसूरत... कितनी शक्तिशाली और आत्मा से परिपूर्ण, परी!' इसी तरह की कई टिप्पणियों के जरिए लोग अभिनेत्री की गायकी की तारीफ कर रहे हैं।
Comments
0 comment