हरियाणा
एक घंटा पहले
2
विचारों
हरियाणा के पानीपत जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जो रीलबाजों की लापरवाही और सिरफिरेपन की हद को बयां करता है। सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा व्यूज और लाइक बटोरने की चाहत में कुछ युवकों ने न सिर्फ अपनी, बल्कि हाईवे पर चल रहे सैकड़ों वाहन चालकों की जिंदगी भी दांव पर लगा दी।
जीटी रोड के ओवरब्रिज पर चढ़े युवक
वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ नजर आता है कि पानीपत में जीटी रोड पर बने व्यस्त एलिवेटेड ओवरब्रिज पर कुछ युवक चढ़े हुए हैं। ये युवक अपने साथ कुछ छोटे बच्चों को भी नेशनल हाईवे पर ले आए थे। रील बनाने की धुन में इन लोगों ने पुल की रेलिंग के पास खड़े होकर नीचे मुख्य सड़क पर खुलेआम 10-10 रुपए के नोट बरसाने शुरू कर दिए।
चलते ट्रैफिक के बीच नोट लूटने की होड़
जैसे ही ऊपर पुल से नोट नीचे गिरने लगे, जीटी रोड पर चल रहे ट्रैफिक के बीच भारी अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे राहगीर, बाइक सवार और ऑटो चालक अपने वाहन बीच रास्ते में ही छोड़कर नोट बटोरने के लिए दौड़ पड़े।
तेज रफ्तार और घने ट्रैफिक के बीच लोग जान जोखिम में डालकर 10-10 के नोट उठाते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान सड़क पर दौड़ रही गाड़ियों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा। गनीमत रही कि इस आपाधापी में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, वरना बड़ी संख्या में लोग घायल हो सकते थे।
पास खड़ी रही ट्रैफिक पुलिस, बनी रही बेबस
इस पूरी घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू वीडियो के आखिर में सामने आता है। एक ओर रीलबाज ऊपर से नोट उड़ाकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे थे और नीचे लोग जान जोखिम में डाल रहे थे, वहीं कुछ ही दूरी पर पानीपत ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी भी खड़े नजर आ रहे थे।
हैरानी की बात यह रही कि इतने बड़े नियम उल्लंघन के बावजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। वीडियो में साफ दिखता है कि पुलिस इस पूरे तमाशे के आगे बेहद बेबस और लाचार दिख रही थी, जिसका फायदा उठाकर रीलबाज आराम से अपना स्टंट पूरा करके वहां से निकल गए।
बड़ा सवाल- हादसा होता तो जिम्मेदार कौन?
वीडियो वायरल होने के बाद पानीपत के जागरूक नागरिकों में भारी नाराजगी है। लोग सोशल मीडिया पर पानीपत पुलिस प्रशासन से पूछ रहे हैं कि राष्ट्रीय राजमार्ग और चलते यातायात के बीच इस तरह नोट उड़ाकर माहौल बिगाड़ने वाले हुड़दंगियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
लोगों का सवाल है कि अगर कोई तेज रफ्तार वाहन नोट लूट रहे बच्चों या राहगीरों को कुचल देता, तो इस हादसे की जिम्मेदारी आखिर किसकी होती।
Comments
0 comment