हरियाणा
48 मिनट पहले
2
विचारों
हरियाणा के पंचकूला में बुधवार सुबह उस वक्त दहशत फैल गई जब दो हमलावरों ने एक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग का निशाना बने व्यक्ति की पहचान रतन लुबना के रूप में हुई है, जो नगर निगम की एक महिला पार्षद का देवर बताया जा रहा है। हमले में लुबना गोली लगने से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारदात का सनसनीखेज वीडियो
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि पीड़ित आगे-आगे जान बचाकर भाग रहा है और उसके पीछे शूटर दौड़ते हुए गोलियां बरसा रहे हैं। वीडियो में गोलियों की गूंज भी सुनाई दे रही है। भागने के दौरान पीड़ित एक बार किसी फिल्मी दृश्य की तरह गिर भी जाता है और फिर उठकर दौड़ने लगता है, जबकि हमलावर लगातार उस पर फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
सीसीटीवी में कैद हुई फायरिंग
वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें बदमाश सरेआम गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान रतन लुबना को गोली लगी। बताया जा रहा है कि वह एक क्लब चलाता है और इससे पहले भी उसे गैंगस्टर की ओर से धमकियां मिल चुकी हैं।
हमले की जिम्मेदारी और धमकी भरा कॉल
इस हमले की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग के शूटरों ने ली है। जानकारी के मुताबिक, फायरिंग के कुछ ही देर बाद रतन लुबना के फोन पर एक विदेशी नंबर से रोहित गोदारा का कॉल भी आया था।
एनकाउंटर के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए दोनों हमलावरों को मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह और जसविंदर सिंह के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के होशियारपुर और जगराओं के रहने वाले हैं और इनका संबंध रोहित गोदारा गैंग से बताया जा रहा है।
Comments
0 comment