झारखंड
एक घंटा पहले
2
विचारों
गर्मी का मौसम शुरू होते ही बाजार में आम की मांग तेजी से बढ़ जाती है। फलों के राजा कहे जाने वाले इस फल को शायद ही कोई घर हो जहां गर्मियों में न खाया जाता हो। लेकिन आम खरीदते वक्त सबसे बड़ी उलझन यही रहती है कि कौन सा आम मीठा और अच्छा निकलेगा और कौन सा अंदर से खराब। कई बार बाहर से सुंदर और पूरी तरह पका दिखने वाला आम काटने पर खराब निकल जाता है। ऐसे में आम की गुणवत्ता और उसके पकने की सही हालत जानने के लिए एक बेहद सरल घरेलू तरीका अपनाया जा सकता है, जिसमें सिर्फ पानी की जरूरत पड़ती है।
पानी से कैसे पहचानें सही आम
कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) पलामू के कृषि वैज्ञानिक दिलीप पांडे के अनुसार, आम की गुणवत्ता परखने के लिए सबसे पहले एक बाल्टी या टब में साफ पानी भर लें। इसके बाद आम को उस पानी में डालकर देखें कि वह किस तरह बर्ताव करता है। आम का पानी में डूबना या तैरना उसके पकने और गुणवत्ता के बारे में काफी हद तक जानकारी दे देता है।
डूब जाए तो
उन्होंने बताया कि अगर कोई आम पानी में डालते ही सीधे नीचे तली में बैठ जाता है, तो इसका मतलब है कि वह अभी पूरी तरह कच्चा है। ऐसे आमों को कुछ दिनों तक घर में रखने के बाद पकाया जा सकता है।
ऊपर तैरने लगे तो
वहीं अगर आम पूरी तरह पानी की सतह पर तैरने लगे, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि उसकी गुणवत्ता अच्छी नहीं है। ऐसे आमों में अंदरूनी खराबी, किसी तरह की बीमारी या अन्य गुणवत्ता संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
सबसे अच्छे आम की पहचान
कृषि वैज्ञानिक के मुताबिक सबसे बढ़िया आम की पहचान यह है कि वह न तो पूरी तरह पानी में डूबे और न ही पूरी तरह ऊपर तैरे। यदि आम पानी की सतह के ठीक नीचे दिखाई दे या सतह को हल्के से छूते हुए ठहरा रहे, तो उसे अच्छी गुणवत्ता वाला माना जाता है। ऐसे आम आमतौर पर स्वस्थ, स्वादिष्ट और खाने के लिए उपयुक्त होते हैं।
आम एक क्लाइमेक्टेरिक फल
दिलीप पांडे ने बताया कि आम एक क्लाइमेक्टेरिक फल है। इसका अर्थ यह है कि पेड़ से तोड़े जाने के बाद भी इसमें पकने की प्रक्रिया चलती रहती है। यही वजह है कि कच्चे आम समय के साथ अपना रंग, स्वाद और सुगंध बदलते रहते हैं। अगर कोई आम पानी की सतह से थोड़ा नीचे ठहरता है, तो यह संकेत हो सकता है कि वह पकने की अवस्था में है और जल्द ही खाने लायक तैयार हो जाएगा।
सिर्फ पानी का टेस्ट काफी नहीं
हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि अकेले पानी वाला परीक्षण ही पर्याप्त नहीं है। आम खरीदते समय उसकी खुशबू, रंग, छिलके की हालत और फल की नरमी पर भी ध्यान देना चाहिए। अगर आम से अच्छी खुशबू आ रही हो, उसका रंग प्राकृतिक लगे और वह हल्का नरम महसूस हो, तो उसके अच्छे और स्वादिष्ट निकलने की संभावना अधिक रहती है।
विशेषज्ञों के अनुसार इन आसान उपायों को अपनाकर लोग बाजार से अच्छे, ताजे और स्वादिष्ट आम चुन सकते हैं। इससे न केवल खराब आम खरीदने से बचा जा सकता है, बल्कि पैसे और समय दोनों की भी बचत होती है।
Comments
0 comment