नोएडा में 15 जून से दौड़ेंगी डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें, जानें किराया और रूट की पूरी जानकारी उत्तर प्रदेश एक महीने पहले 23
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में पहली बार इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू हो रही है। 15 जून से 100 इलेक्ट्रिक और 10 डबल डेकर बसें चार रूटों पर चलेंगी, जिनका किराया 20 से 50 रुपये के बीच रहेगा।

नोएडाः नोएडा के निवासी अब डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसों में सफर का आनंद उठा सकेंगे। ये बसें 15 जून से सड़कों पर उतरेंगी। दरअसल, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में पहली बार इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत की गई है। इन बसों का संचालन नोएडा अथॉरिटी और यूपी परिवहन निगम मिलकर करेंगे। शुरुआती दौर में 100 इलेक्ट्रिक बसें और 10 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इस सेवा से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इसका सबसे अधिक लाभ नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को होगा।

एयरपोर्ट से सीधा जुड़ेंगे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोग

यह सौगात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों को दी गई है। इस सेवा के जरिए अब ग्रेटर नोएडा के लोग एयरपोर्ट से सीधे जुड़ सकेंगे। इसके साथ ही ये बसें कलेक्ट्रेट तक भी चलेंगी। फिलहाल कुल 110 बसें चलाई जाएंगी और आगे चलकर इनकी संख्या बढ़ाकर 500 कर दी जाएगी। सभी सेक्टरों और सोसाइटियों को भी इन सिटी बसों से जोड़ा जाएगा, जिससे लोगों की ऑटो और कैब पर निर्भरता घटेगी।

कितना होगा बसों का किराया

ये सभी बसें इलेक्ट्रिक हैं, इसलिए इनसे किसी तरह का प्रदूषण नहीं फैलेगा। इन बसों का किराया 20 रुपए से लेकर 50 रुपए तक तय किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसों का न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 50 रुपये रहेगा। ये बसें पूरी तरह वातानुकूलित (एसी) हैं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर बस में चार सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

क्या रहेगा बसों का रूट

इन बसों का संचालन नोएडा सेक्टर-90 बस डिपो से किया जाएगा। शुरुआत में ये बसें चार रूटों पर चलेंगी। ये बॉटनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, सूरजपुर कलेक्ट्रेट और गाजियाबाद न्यू बस अड्डा रूट से होकर गुजरेंगी। अधिकारियों के मुताबिक, मांग के आधार पर आगे बसों की संख्या में इजाफा किया जाएगा।

सीएम योगी ने दिखाई हरी झंडी

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गौतम बुद्ध नगर को यह बड़ी सौगात दी। उन्होंने लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाकर शहरवासियों को इलेक्ट्रिक बसों का तोहफा दिया। तीनों प्राधिकरणों को फिलहाल 11-11 सिटी बसें दी गई हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में आयोजित कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर भी मौजूद रहे। विधायक ने सीएम योगी का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी।

चेतन तिवारी पाबना के उत्तर प्रदेश संवाददाता हैं और राज्य की राजनीति, प्रशासन तथा जमीनी मुद्दों को कवर करते हैं। लखनऊ में रहते हुए वे जिलों से लेकर विधानसभा तक की खबरें संतुलित रिपोर्टिंग के साथ पाठकों तक पहुंचाते हैं। आम लोगों के मुद्दों और स्थानीय घटनाओं पर उनका खास फोकस रहता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप