शनिवार को करें ये सरल उपाय, नजर दोष से मिलेगी राहत और पारिवारिक जीवन में लौटेंगी खुशियां धर्म एक घंटा पहले 3
शनिवार का दिन ज्योतिषीय और धार्मिक उपायों के लिए शुभ माना जाता है। इस दिन किए गए कुछ आसान उपाय नजर दोष, करियर की अड़चनें और दांपत्य जीवन की परेशानियां दूर करने में सहायक माने जाते हैं।

शनिवार के उपाय: शास्त्रों में शनिवार के दिन को धार्मिक और ज्योतिषीय उपाय करने के लिहाज से अत्यंत शुभ माना गया है। मान्यता है कि इस दिन किए गए उपाय जीवन में सुख और समृद्धि का मार्ग खोलते हैं। नजर दोष से छुटकारा पाने और करियर की राह में आ रही रुकावटों को हटाने के लिए भी इन उपायों को आजमाया जा सकता है। आइए जानते हैं कि शनिवार के दिन कौन-कौन से उपाय किए जा सकते हैं।

उन्नति की राह की बाधाएं दूर करने के लिए

यदि तरक्की के रास्ते में आए दिन मुश्किलें आ रही हों, तो शनिवार के दिन स्नान आदि के बाद साफ कपड़े पहनकर कच्चे सूत के धागे का एक गोला लें। इसके बाद पीपल के पेड़ के पास जाकर उसके तने पर सात बार वह कच्चा सूत लपेटें। फिर दोनों हाथ जोड़कर शनिदेव का ध्यान करते हुए इस मंत्र का जप करें—'ऊँ ऐं श्रीं ह्रीं शनैश्चराय नमः।' ऐसा करने से उन्नति के मार्ग में आने वाली परेशानियों से राहत मिलने की मान्यता है।

दांपत्य जीवन में खुशियां लौटाने के लिए

अगर वैवाहिक जीवन से खुशियां कहीं गुम हो गई हों, तो शनिवार के दिन थोड़े-से काले तिल लेकर पीपल के पेड़ पर चढ़ाएं। साथ ही पीपल की जड़ में जल अर्पित करें और इस मंत्र का जप करें—'ऊँ श्रीं शं श्रीं शनैश्चराय नमः।' कहा जाता है कि यह उपाय करने से दांपत्य जीवन में फिर से खुशियां भरने लगती हैं।

संतान को विदेश भेजने की राह आसान करने के लिए

यदि आप अपनी संतान को उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजना चाहते हैं, लेकिन किसी न किसी अड़चन का सामना करना पड़ रहा है, तो शनिवार के दिन शनिदेव के इस मंत्र का 11 बार जप करें—'ऊँ श्रीं ह्रीं शं शनैश्चराय नमः।' मान्यता है कि ऐसा करने से संतान को विदेश भेजने में आ रही दिक्कतों से जल्द छुटकारा मिलता है।

घर की काली नजर हटाने के लिए

अगर घर पर किसी की काली नजर लग गई हो, जिसके चलते परिवार के सदस्यों की तरक्की रुक रही हो, तो शनिवार के दिन स्नान आदि के बाद इस मंत्र का 31 बार जप करें—'ऊँ श्रीं शं श्रीं शनैश्चराय नमः।' जप के बाद एक नीला फूल लेकर उसे गंदे नाले में प्रवाहित कर दें। ऐसा करने से घर पर लगी काली नजर दूर होती है और परिवार के सदस्यों की उन्नति का मार्ग खुलता है।

लगातार आ रही परेशानियों से छुटकारे के लिए

यदि जीवन में एक के बाद एक मुश्किलें आती जा रही हों, तो शनिवार के दिन एक कटोरी में सरसों का तेल लेकर उसे अपने सामने रखें और उस पर शनिदेव के तंत्रोक्त मंत्र का जप करें। मंत्र है—'ऊँ प्रां प्रीं प्रौं स: शनैश्चराय नम:।' कटोरी में रखे सरसों के तेल पर इस मंत्र का कम से कम 11 बार जप करें।

जप के बाद उस कटोरी को ढककर एक तरफ रख दें। इस तेल का उपयोग शनिवार के दिन ही करना है। शनिवार को इस तेल का दीपक पीपल के पेड़ के नीचे जलाएं। मान्यता है कि इस तरह उपाय करने से जीवन की सारी परेशानियां एक-एक कर समाप्त होने लगती हैं।

दांपत्य संबंधों में तीसरे की दखल दूर करने के लिए

अगर आपके दांपत्य संबंधों की खुशहाली में कोई तीसरा बाधा डाल रहा हो, तो उससे पीछा छुड़ाने के लिए शनिवार के दिन एक मुट्ठी मसूर की दाल लें और उसे अपने जीवनसाथी के हाथों से सात बार स्पर्श कराएं। इसके बाद उस मसूर की दाल को किसी साफ बहते जल में प्रवाहित कर दें। ऐसा करने से दांपत्य जीवन की खुशहाली में आ रही रुकावटें अपने आप दूर होने की मान्यता है।

शुभ फलों की प्राप्ति के लिए

शुभ फल पाने के लिए स्नान आदि के बाद शमी के वृक्ष के पास जाकर उसकी पूजा-अर्चना करें। ध्यान रहे कि शनिवार के दिन शमी के वृक्ष से जुड़ी किसी भी चीज को नुकसान न पहुंचे। मान्यता है कि ऐसा करने से जीवन में शुभ ही शुभ फलों की प्राप्ति होती है।

जीवन में खुशहाली और ताजगी के लिए

अगर आप जीवन में खुशहाली चाहते हैं या अपनी जिंदगी को ताजगी से भरना चाहते हैं, तो शनिवार के दिन शमी के वृक्ष की जड़ में जल चढ़ाएं और दोनों हाथ जोड़कर वृक्ष को प्रणाम करें। साथ ही दिनभर में जब भी मौका मिले, ढोल या मृदंग पर बजाया गया संगीत जरूर सुनें। यदि आपको स्वयं कोई वाद्ययंत्र बजाना आता है, तो उसे जरूर बजाएं। माना जाता है कि ऐसा करने से चारों ओर खुशहाली बनी रहती है और जिंदगी ताजगी से भर जाती है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!