मां बनीं 'नागिन 3' की 'बेला' सुरभि ज्योति, 38 की उम्र में घर आई नन्ही परी मनोरंजन 2 घंटे पहले 2
टीवी अभिनेत्री सुरभि ज्योति और उनके पति सुमित सूरी 13 जून, 2026 को अपने पहले बच्चे के तौर पर एक बेटी के माता-पिता बने। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह खुशखबरी साझा की।

टीवी की मशहूर अभिनेत्री सुरभि ज्योति अब मां बन गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक प्यारी सी पोस्ट साझा करते हुए इस खुशखबरी की जानकारी दी। एक्ट्रेस की इस पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए उनके दोस्त और प्रशंसक उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।

'कुबूल है' और 'नागिन 3' जैसे लोकप्रिय शोज से पहचान बनाने वालीं सुरभि ज्योति बीते कुछ दिनों से अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चा में बनी हुई थीं। जब से उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी, तब से ही फैंस उनके बच्चे के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, और अब वह इंतजार खत्म हो गया है। एक्ट्रेस ने 13 जून, 2026 को अपने पति सुमित सूरी के साथ अपने पहले बच्चे का स्वागत किया। दोनों के घर बेटी ने जन्म लिया है, जिसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दी। सुरभि ने रविवार को इंस्टाग्राम पर अपने फैंस के साथ यह खुशखबरी साझा की।

सुरभि ज्योति ने दिया बेटी को जन्म

सुरभि ज्योति ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के माध्यम से अपनी बेटी के जन्म की घोषणा की। उनकी इस अनाउंसमेंट पोस्ट में हल्के बेज और पेस्टल रंग का एक कार्ड नजर आया, जिस पर लिखा था- "इट्स अ गर्ल! 13 जून, 2026"। कार्ड के निचले हिस्से में हल्के कपड़े पर रखा हुआ एक गुलाबी गुलाब बना हुआ था, जबकि पोस्ट के अंत में "लव सुरभि और सुमित" लिखा गया था।

पोस्ट के कैप्शन में अभिनेत्री ने लिखा- '||ॐ॥ हमारी बेटी आ गई है। हमारे दिल प्यार और आभार से भरे हैं।'

पोस्ट पर उमड़ी बधाइयों की बौछार

इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए उनके सेलिब्रिटी दोस्त और फॉलोअर्स लगातार उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। शालीन मल्होत्रा ने लिखा- 'बधाई हो ज्योति जी।' किश्वर मर्चेंट ने लिखा- 'क्या बात है... बधाई हो।'

वहीं आर्यमन सेठ ने भावुक अंदाज में लिखा- 'हमें इतना खुशनसीब महसूस कराने के लिए आपका जितना भी शुक्रिया अदा करें, कम है... आप एक ऐसी बेटी, पत्नी और दोस्त हैं जो मेरे परिवार का ही हिस्सा बन गई हैं और मुझे पूरा यकीन है कि आप इस प्यारी सी जान के लिए सबसे अच्छी मां साबित होंगी... आइए, मिलकर उसे पालने-पोसने का यह सफर शानदार बनाते हैं। ढेर सारा प्यार।' अभिनेता साहिल आनंद ने रेड हार्ट इमोजी के साथ बधाई दी।

अक्टूबर में हुई थी शादी, फरवरी में प्रेग्नेंसी का ऐलान

गौरतलब है कि सुरभि ज्योति ने 27 अक्टूबर, 2024 को उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट स्थित आहना रिजॉर्ट में अभिनेता और प्रोड्यूसर सुमित सूरी के साथ डेस्टिनेशन वेडिंग रचाई थी। इसके बाद फरवरी 2026 में सुरभि ने अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी।

उस तस्वीर में सुरभि और उनके पति सुमित सूरी बच्चों के छोटे सफेद जूतों के पास अपने पैर रखे हुए नजर आए थे। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा था- "हमारा सबसे बड़ा एडवेंचर शुरू होने वाला है - इस जून में हमारा नन्हा मेहमान आ रहा है।"

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!