मुजफ्फरपुर के अयान राज का धमाका, सिर्फ 83 गेंदों में जड़े 210 रन, अंडर-16 लीग में बनाया रिकॉर्ड बिहार 4 दिन पहले 5
वैभव सूर्यवंशी के बचपन के दोस्त 14 वर्षीय अयान राज ने मुजफ्फरपुर जिला अंडर-16 क्रिकेट लीग में 83 गेंदों पर 210 रन की पारी खेली। इससे पहले वर्ष 2025 में अंडर-14 लीग में वह 327 रन नाबाद बना चुके हैं।

क्रिकेट के मैदान पर अपने हुनर से लगातार चर्चा बटोर रहे युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के बचपन के साथी अयान राज भी अब अपनी अलग पहचान गढ़ने में जुट गए हैं। मुजफ्फरपुर के रहने वाले 14 वर्षीय अयान राज ने जिला अंडर-16 क्रिकेट लीग के एक मुकाबले में जिस अंदाज में बल्लेबाजी की, उसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। अयान ने महज 83 गेंदों में 210 रन की विस्फोटक पारी खेली।

35 चौके और 9 छक्कों से सजी पारी

अपनी इस यादगार पारी में अयान ने 35 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के लगाए। मैदान के चारों ओर लगाए गए उनके आकर्षक शॉट्स ने दर्शकों और क्रिकेट प्रेमियों का मन मोह लिया। यह पहला मौका नहीं है, जब अयान ने अपने बल्ले का जलवा दिखाया हो। इससे पहले वर्ष 2025 में मुजफ्फरपुर अंडर-14 डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग में उन्होंने 327 रन की नाबाद तूफानी पारी खेली थी, जिसके बाद से ही वह जिले के क्रिकेट हलकों में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।

रोजाना 5-6 घंटे का अभ्यास

अयान बताते हैं कि वह सिर्फ 6 वर्ष की उम्र से ही क्रिकेट खेल रहे हैं। उनके पिता ने अभ्यास के लिए घर की छत पर ही इंडोर पिच तैयार करवा रखी है, जहां वह सुबह और शाम लगातार अभ्यास करते हैं। त्योहार हो या छुट्टी का दिन, क्रिकेट की प्रैक्टिस उनकी दिनचर्या का अहम हिस्सा बनी रहती है। फिलहाल वह हर दिन 5-6 घंटे क्रिकेट का अभ्यास करते हैं। अयान दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और इस समय 9वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे हैं। वह पढ़ाई और क्रिकेट दोनों को बराबरी से आगे बढ़ा रहे हैं।

पिता के अधूरे सपने को पूरा करने की ललक

अयान का सपना है कि वह एक दिन भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलें और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना नाम रोशन करें। इस सपने को आकार देने में उनके पिता की बड़ी भूमिका रही है। अयान के पिता भी क्रिकेट खेलकर देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते थे, लेकिन हालात के चलते उनकी यह ख्वाहिश अधूरी रह गई। इसके बाद उन्होंने ठान लिया कि वह अपने बेटे को हर मुमकिन अवसर देंगे, ताकि वह भारतीय टीम तक पहुंच सके।

वैभव सूर्यवंशी के साथ बीता बचपन

अयान बताते हैं कि उनका बचपन वैभव सूर्यवंशी के साथ गुजरा है। दोनों ने साथ मिलकर अभ्यास किया, मैच खेले और क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। मुजफ्फरपुर, पटना और समस्तीपुर में दोनों ने कई बार साथ-साथ प्रैक्टिस की। हाल ही में जब वैभव सूर्यवंशी अपने घर समस्तीपुर आए थे, तब दोनों के बीच बातचीत भी हुई थी। हालांकि व्यस्त कार्यक्रम के कारण अधिक समय तो नहीं मिल सका, फिर भी वैभव ने अयान को क्रिकेट में करियर बनाने और अपने खेल को लगातार निखारने के लिए अहम सुझाव दिए।

अब अंडर-16 क्रिकेट में दोहरा शतक जड़कर अयान राज ने यह साबित कर दिया है कि वह आने वाले समय में सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि देश के क्रिकेट जगत में भी बड़ा नाम बनने का दमखम रखते हैं।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!