पंजाब
2 घंटे पहले
3
विचारों
पंजाब के फिरोजपुर में फाजिल्का रोड पर शनिवार सुबह एक ट्रक और पिकअप के बीच हुई जोरदार टक्कर ने आठ लोगों की जान ले ली, जबकि 15 से ज्यादा लोग इस हादसे में घायल हुए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, फिरोजपुर फाजिल्का रोड पर गांव जंगा वाला के नजदीक एक ट्रक और महिंद्रा पिकअप जीप आपस में बुरी तरह टकरा गए। इस टक्कर में जीप में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि जीप में करीब 25 लोग सवार थे, यानी वाहन में उसकी क्षमता से कहीं अधिक लोग बैठे हुए थे।
हादसे का शिकार बने लोग आपस में रिश्तेदार
जान गंवाने वाले सभी लोग आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। हादसे का शिकार बने ये लोग जलालाबाद से रवाना होकर बियास स्थित डेरा राधा स्वामी जा रहे थे, जहां वे अपने किसी मृतक रिश्तेदार के फूल जल प्रवाह करने वाले थे। बाकी घायल लोगों का फिरोजपुर सिविल अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, पिकअप वाहन में करीब 25 लोग सवार थे और वे जलालाबाद से अमृतसर के ब्यास की ओर जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि घायलों को फिरोजपुर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
मोहाली में पूर्व प्रेमी ने महिला की चाकू मारकर हत्या की
वहीं एक अलग घटना में मोहाली में एक निजी कंपनी के दफ्तर के भीतर 29 वर्षीय एक महिला की कथित तौर पर उसके सहकर्मी प्रेमी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि यह दिल दहला देने वाली वारदात दूसरे लोगों के सामने अंजाम दी गई। पुलिस के मुताबिक, सहकर्मियों ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
मोहाली के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले की यह नृशंस घटना बृहस्पतिवार शाम को हुई। उनके अनुसार, आरोपी हरविंदर मान (34) ने डिंपल पर चाकू से कई बार वार किए और इसके बाद उसी चाकू से खुद की जान लेने की कोशिश की। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डिंपल को मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि डिंपल पर चाकू से किए गए हमले में करीब 30 जख्म पाए गए।
Comments
0 comment