बिहार
एक घंटा पहले
1
विचारों
मधेपुरा के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में स्थित जेडी पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में बीते 7 जून को UKG में पढ़ने वाले एक छात्र का शव मिला था। खारी परमानंदपुर स्थित इसी हॉस्टल में रहने वाले 6 वर्षीय आनंद प्रेम की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी अब पुलिस ने सुलझा ली है। DSP के अनुसार स्कूल संचालक की पत्नी और स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक अंकित कुमार के बीच नाजायज रिश्ता था। पुलिस की पड़ताल में यह मामला हत्या का साबित हुआ। इस सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पूछताछ में सामने आई हैरान करने वाली सच्चाई
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी ने चौंका देने वाली बातें कबूल कीं। उसने स्वीकार किया कि हॉस्टल संचालक सुनील कुमार की पत्नी अंजली कुमारी के साथ उसके अवैध संबंध थे। 6 जून की रात आनंद प्रेम ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया और शोर मचाने लगा। इसके बाद अंजली कुमारी के कहने पर अंकित कुमार ने बच्चे को चुप कराने के लिए उसका मुंह और नाक दबा दिया। जब कुछ देर बाद उसने हाथ हटाया तो बच्चा बेहोश होकर गिर पड़ा था और उसकी जान जा चुकी थी। वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की।
आत्महत्या जैसा दिखाने के लिए रस्सी से लटकाया शव
सुनील कुमार की मदद से पहले शव को छिपाने का प्रयास किया गया, लेकिन जब इसमें कामयाबी नहीं मिली तो हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए बच्चे के शव को रस्सी के सहारे लटका दिया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी अंकित कुमार और हॉस्टल संचालक सुनील कुमार को गिरफ्तार किया है।
फोन से मिली जानकारी, फिर शुरू हुई जांच
DSP चेतनानंद झा ने बताया कि 7 जून को प्रशिक्षु डीएसपी सह मुरलीगंज थानाध्यक्ष नूरुल हक को फोन पर सूचना मिली कि जेडी पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले रामानंद यादव के बेटे आनंद प्रेम (6) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थल को सुरक्षित कर जांच आरंभ कर दी। वैज्ञानिक पड़ताल के लिए FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगने पर मृतक की मां गुंजन देवी के बयान के आधार पर मुरलीगंज थाने में FIR दर्ज की गई।
दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नेसार अहमद खान के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में सहरसा जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र के कजरा निवासी अंकित कुमार और मधेपुरा के भर्राही थाना क्षेत्र के अंतर्गत मरूआहा वार्ड-4 के रहने वाले सुनील कुमार शामिल हैं। जरूरी पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Comments
0 comment