हाथों में दो महंगे मोबाइल और पैरों में घिसी चप्पल, इसी फर्क ने जीआरपी के सामने खोल दिया चोर का राज उत्तर प्रदेश एक महीने पहले 23
लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर प्लेटफार्म पर घूम रहे एक संदिग्ध को जीआरपी ने पकड़ा, जिसके पास से चोरी के दो महंगे मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने ये फोन सफर के दौरान यात्रियों से चुराए थे।

भारतीय रेलवे यात्रियों को सुरक्षित सफर मुहैया कराने के लिए रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार जांच अभियान चलाती रहती है। इसी कड़ी में लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर जीआरपी ने एक ऐसे व्यक्ति को धर दबोचा, जो दोनों हाथों में महंगे मोबाइल फोन लिए प्लेटफार्म पर घूम रहा था। उसकी हरकतों और हुलिए ने जवानों का ध्यान खींचा और पूछताछ में चोरी का पूरा मामला सामने आ गया।

हुलिए और चप्पल ने बढ़ाया शक

रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में चोरी, लूट, जहरखुरानी समेत अन्य अपराधों पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत जीआरपी चारबाग की टीम संदिग्ध लोगों पर लगातार निगरानी रख रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर छह पर एक व्यक्ति दोनों हाथों में महंगे मोबाइल लिए टहलता दिखा, जो उसके पहनावे से बिल्कुल मेल नहीं खा रहा था।

जब जवानों ने गौर से देखा तो पाया कि उसके पैरों में पुरानी और घिसी हुई हवाई चप्पल थीं। महंगे फोन और साधारण पहनावे के इसी अंतर ने शक को और गहरा कर दिया।

पूछताछ में सकपकाया आरोपी

जवानों ने उसे तुरंत रोककर पूछताछ शुरू की तो वह सकपका गया। महंगे मोबाइल फोन के बारे में जानकारी मांगे जाने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ में उसने अपना नाम चांद बाबू पुत्र कल्लू पेंटर, निवासी ग्राम बशीशपुरा, थाना दरगाह शरीफ, जिला बहराइच बताया।

उसने स्वीकार किया कि दोनों मोबाइल चोरी के हैं और इन्हें सफर के दौरान यात्रियों से चुराया गया था। बताया जा रहा है कि इन दोनों मोबाइल की कीमत 24 हजार से अधिक है। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

गिरोह की जांच जारी

जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक आरोपी काफी समय से इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने मोबाइल कहां-कहां से चुराए, इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और वह कब से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा है।

चेतन तिवारी पाबना के उत्तर प्रदेश संवाददाता हैं और राज्य की राजनीति, प्रशासन तथा जमीनी मुद्दों को कवर करते हैं। लखनऊ में रहते हुए वे जिलों से लेकर विधानसभा तक की खबरें संतुलित रिपोर्टिंग के साथ पाठकों तक पहुंचाते हैं। आम लोगों के मुद्दों और स्थानीय घटनाओं पर उनका खास फोकस रहता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप