व्यापार
एक घंटा पहले
5
विचारों
एक्सप्रेसवे निर्माण का बदलता स्वरूप
आज भारत के हर कोने में एक्सप्रेसवे का जाल बिछ चुका है, जिसने आवागमन के समय और सफर की गुणवत्ता में बड़ा बदलाव किया है। सड़क पर गाड़ी चलाते समय क्या आपने कभी गौर किया है कि ये सड़कें इतनी समतल और मजबूत कैसे होती हैं? एक्सप्रेसवे का निर्माण केवल पत्थरों और डामर का मेल नहीं है, बल्कि इसके पीछे अत्याधुनिक इंजीनियरिंग का हाथ होता है। भारत ने अब निर्माण क्षेत्र में वैश्विक मानकों को अपनाना शुरू कर दिया है, जिससे सड़कों की टिकाऊपन और सुरक्षा में काफी इजाफा हुआ है।
एआईएमजीसी तकनीक का जादू
एक्सप्रेसवे निर्माण में सबसे क्रांतिकारी बदलाव एआइएमजीसी (AIMGC) यानी ऑटोमेटेड इंटेलीजेंस मशीन गाइडेड कंस्ट्रक्शन तकनीक के आने से हुआ है। अब तक यह तकनीक केवल अमेरिका और जर्मनी जैसे विकसित देशों तक ही सीमित थी, लेकिन भारत ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के जरिए इसे सफलतापूर्वक लागू किया है। इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि सड़क निर्माण से पहले ही सभी मानक सॉफ्टवेयर में फीड कर दिए जाते हैं। मशीनें इसी डेटा के आधार पर काम करती हैं, जिससे मानवीय भूल की संभावना खत्म हो जाती है। यदि निर्माण के दौरान तय गुणवत्ता या मात्रा में कोई भी अंतर आता है, तो मशीन तुरंत इसकी जानकारी दे देती है। इससे सड़क की बनावट में सटीकता बनी रहती है और इसमें कोई छेड़छाड़ करना संभव नहीं होता।
निर्माण में इस्तेमाल होने वाली 5 प्रमुख तकनीकें
एक्सप्रेसवे को सुरक्षित और टिकाऊ बनाने के लिए मुख्य रूप से पांच तकनीकों का उपयोग किया जाता है:
- एआई-एमसी (AI-MC) तकनीक: इसके तहत पेवर, ग्रेडर और कंपैक्टर जैसी भारी मशीनों में विशेष सेंसर और ऑन बोर्ड कंप्यूटर लगाए जाते हैं। यह सुनिश्चित करता है कि सड़क की हर परत बिल्कुल एक समान और सटीक तरीके से बिछाई जाए।
- मिट्टी का स्थिरीकरण (Soil Stabilization): किसी भी सड़क की मजबूती उसकी नींव में छिपी होती है। नींव को पुख्ता करने के लिए मिट्टी में चूना, सीमेंट और अन्य मजबूत सामग्री का मिश्रण मिलाया जाता है और फिर भारी रोलर से उसे अच्छी तरह दबाया जाता है, जिससे सतह समतल और समान बनी रहती है।
- प्रीकास्ट तकनीक: समय बचाने के लिए इस तकनीक का इस्तेमाल होता है, जिसमें पुल, नालियां और ओवरब्रिज के हिस्सों को पहले फैक्ट्री में तैयार किया जाता है। इसके बाद इन्हें निर्माण स्थल पर लाकर जोड़ दिया जाता है, जिससे काम की गति तेज हो जाती है।
- सतह का चयन: सड़क के टिकाऊपन और उस पर गुजरने वाले वाहनों के भार को ध्यान में रखते हुए कंक्रीट या डामर की परतें बिछाई जाती हैं।
- स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट: निर्माण के बाद सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सड़क पर एआई कैमरे, वाहनों की गति मापने वाले सेंसर और ऑटो चालान सिस्टम लगाए जाते हैं।
कितने साल चलती है एक्सप्रेसवे की उम्र?
एक्सप्रेसवे का निर्माण मुख्य रूप से तेज रफ्तार और लंबी दूरी के सफर के लिए किया जाता है। इनकी मजबूती पर विशेष ध्यान देने के कारण सीमेंट और कंक्रीट से बनी ये सड़कें अपनी टिकाऊ क्षमता के लिए जानी जाती हैं। सामान्य परिस्थितियों में, एक अच्छी तरह से निर्मित एक्सप्रेसवे की औसत लाइफ करीब 30 से 40 साल होती है। हालांकि, समय के साथ सड़क पर पैच वर्क और नियमित मरम्मत की आवश्यकता पड़ती रहती है। यही कारण है कि एक्सप्रेसवे के निर्माण पर सामान्य सड़कों की तुलना में कहीं अधिक निवेश करना पड़ता है।
निर्माण में काम आने वाली महत्वपूर्ण सामग्री
एक्सप्रेसवे की मजबूती के पीछे उच्च गुणवत्ता वाली निर्माण सामग्री का बड़ा योगदान होता है:
- डामर: यह सड़क की ऊपरी सतह को तैयार करने और उसे काली परत देने में इस्तेमाल होता है।
- सीमेंट और कंक्रीट: यह ई-वे की रीढ़ की हड्डी है, जो भारी वाहनों का भार सहने में सक्षम है।
- गिट्टी और कंकड़: विभिन्न आकारों के पत्थरों और गिट्टी का उपयोग सड़क के बेस को मजबूती देने के लिए किया जाता है।
- रेत: यह डामर और कंक्रीट के बीच की रिक्तियों को भरने का काम करती है। इससे सड़क को चिकनाई मिलती है और मिश्रण का घनत्व बेहतर होता है, जो सड़क को लंबे समय तक टूटने से बचाता है।
Comments
0 comment