उत्तर प्रदेश
12 घंटे पहले
3
विचारों
पढ़ाई पूरी करने के बाद विदेश में नौकरी करना कई युवाओं का सपना होता है। लखीमपुर के बेरोजगार युवाओं के लिए यह सपना अब हकीकत में बदल सकता है। सेवायोजन कार्यालय की ओर से जनपद के युवक-युवतियों को विदेश में अलग-अलग तरह की नौकरियों के लिए आवेदन का अवसर दिया जा रहा है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार रोजगार संगम पोर्टल के जरिए अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
विदेश में रोजगार का बड़ा अवसर
सेवायोजन कार्यालय लखीमपुर की ओर से जनपद के युवाओं को जर्मनी और जापान जैसे देशों में विभिन्न पदों पर रोजगार दिलाने की पहल की गई है, जो जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए एक बड़ा मौका साबित हो सकता है। इस योजना के तहत युवा अपनी योग्यता के मुताबिक विदेश में नौकरी पाने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
किन पदों पर मिलेगी नौकरी
इस भर्ती प्रक्रिया में युवाओं को कई प्रकार के पदों पर काम करने का मौका दिया जा रहा है। इनमें असिस्टेंट नर्स, केयर गिवर, होम बेस्ड केयर गिवर, स्ट्रक्चर फैब्रिकेटर, मैकेनिक, टेक्नीशियन, फैब्रिकेशन फोरमैन, फैब्रिकेशन सुपरवाइजर और वेल्डर जैसे पद शामिल हैं।
कितना मिलेगा वेतन
इस योजना की सबसे खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को अच्छा वेतन भी मिलेगा। मिली जानकारी के अनुसार, इन पदों पर काम करने वालों को 50,000 से लेकर 2,25,000 रुपये तक का वेतन दिया जाएगा। ऐसे में विदेश में नौकरी की चाह रखने वाले बेरोजगार युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है, जहां उन्हें उनकी योग्यता के अनुसार अलग-अलग पदों पर काम करने का मौका मिलेगा।
आवेदन कैसे करें
आवेदन के लिए सबसे पहले युवाओं को रोजगार संगम पोर्टल पर जर्मन और जापानी भाषा के ज्ञान हेतु निःशुल्क पंजीकरण कराना होगा। इसके अलावा जो उम्मीदवार विदेश में नौकरी करना चाहते हैं, वे सेवायोजन कार्यालय में पंजीकृत जॉब सीकर पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर लैंग्वेज ट्रेनिंग विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए युवा सीधे कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं।
अधिकारी ने क्या बताया
जिला सेवायोजन अधिकारी लखीमपुर साक्षी डांगुर ने बताया कि भारत सरकार की मंशा के अनुरूप सऊदी अरब में बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के तहत रोजगार संगम पोर्टल पर विभिन्न पदों के लिए योग्यता के अनुसार आवेदन मांगे गए हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक युवा अपनी पसंद की वैकेंसी में आवेदन कर सकते हैं।
Comments
0 comment