राजस्थान
14 घंटे पहले
2
विचारों
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), जोधपुर के चिकित्सकों ने एक असाधारण उपलब्धि अपने नाम की है। संस्थान के विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम ने साढ़े आठ घंटे तक चली बेहद पेचीदा और उच्च जोखिम वाली सर्जरी के जरिए 59 वर्षीय एक मरीज के पेट से 20.8 किलोग्राम वजन का विशालकाय ट्यूमर सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। इस ट्यूमर का आकार 44×37×24 सेंटीमीटर था।
मरीज का वजन था 160 किलोग्राम
दावा किया जा रहा है कि सर्जरी के जरिए निकाला गया यह ट्यूमर राजस्थान के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा ट्यूमर है। दुनिया भर में भी ऐसे मामले बहुत कम सामने आते हैं। मरीज का वजन करीब 160 किलोग्राम था और वह पिछले एक साल से पेट में भारीपन तथा तेज दर्द की शिकायत से जूझ रहा था। जांच के दौरान सामने आया कि पेट के पिछले हिस्से में एक बहुत बड़ी गांठ (रेट्रोपेरिटोनियल ट्यूमर) मौजूद है, जिसके कैंसरग्रस्त होने की आशंका भी थी।
ट्यूमर के साथ निकालनी पड़ी एक किडनी
यह ऑपरेशन बेहद जटिल और जोखिम से भरा था, जो लगभग 8 घंटे 30 मिनट तक चला। चिकित्सकों की इस साहसी टीम का नेतृत्व डॉ. सत्य प्रकाश मीणा ने किया। सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि यह विशालकाय ट्यूमर मरीज की दाईं किडनी से पूरी तरह जुड़ा हुआ था। ऐसे में मरीज की जान बचाने के लिए डॉक्टरों को ट्यूमर के साथ-साथ उसकी दाईं किडनी को भी शरीर से बाहर निकालना पड़ा।
कई विभागों ने मिलकर संभाला मोर्चा
इस बड़े और कठिन ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए एम्स के कई विभागों के विशेषज्ञ एक साथ जुटे, जिनमें जनरल सर्जरी, कैंसर विभाग, यूरोलॉजी और एनेस्थीसियोलॉजी शामिल रहे। एम्स के निदेशक प्रो. (डॉ.) गोवर्धन दत्त पूरी ने इस सफलता पर डॉक्टरों की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह कामयाबी अस्पताल की आधुनिक सुविधाओं और चिकित्सकों के बेहतरीन तालमेल का परिणाम है।
क्या होता है ट्यूमर
गौरतलब है कि ट्यूमर दरअसल शरीर के किसी हिस्से में कोशिकाओं की अतिरिक्त या असामान्य वृद्धि होती है, जिसे आम भाषा में गांठ भी कहा जाता है। हमारे शरीर में पुरानी कोशिकाएं लगातार खत्म होती रहती हैं और उनकी जगह नई कोशिकाएं बनती रहती हैं, जो एक निश्चित व्यवस्था के तहत होता है। लेकिन जब यह व्यवस्था गड़बड़ा जाती है, तो पुरानी कोशिकाएं नष्ट नहीं होतीं और नई कोशिकाएं बिना जरूरत के भी तेजी से बनने लगती हैं। यही कोशिकाएं एकत्र होकर गांठ का रूप ले लेती हैं, जिसे ट्यूमर कहा जाता है।
Comments
0 comment