विश्व
एक महीने पहले
61
विचारों
अमेरिका में बड़ी कार्रवाई, गिरफ्तार हुआ नीतीश कौशल
अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने जग्गू भगवानपुरिया गैंग के एक प्रमुख गैंगस्टर नीतीश कौशल को धर दबोचा है। उसे अमेरिका के वरमोंट राज्य से गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि अमेरिका ने नीतीश कौशल को मात्र 2 दिन पहले ही अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया था। यह कार्रवाई FBI द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन हार्ड बॉल का हिस्सा है, जिसके तहत अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ लगातार दबिश दी जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य
नीतीश कौशल पर अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट का एक सक्रिय सदस्य होने का आरोप है। FBI के अनुसार, यह गैंगस्टर कई गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है, जिनमें हत्या, नशीली दवाओं की तस्करी, जबरन वसूली, अपहरण, अवैध हथियारों की तस्करी, हवाला का कारोबार और मानव तस्करी जैसे संगीन मामले शामिल हैं। जांच एजेंसियों की मानें तो जग्गू भगवानपुरिया गैंग के इस संगठित अपराध तंत्र की शुरुआत पंजाब से हुई थी, लेकिन अब इसका प्रभाव अमेरिका के कैलिफोर्निया समेत दुनिया के कई देशों तक फैल चुका है।
कोर्ट से जारी हुआ था गिरफ्तारी वारंट
गैंगस्टर नीतीश कौशल पर आरोप है कि उसने जग्गू भगवानपुरिया गैंग के लिए अपहरण, हमले और कई अन्य हिंसक वारदातों को अंजाम दिया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए बीते 25 जून को सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की फेडरल कोर्ट ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उसके ऊपर रैकेटियर इन्फ्लुएंस एंड करप्ट ऑर्गेनाइजेशंस कॉन्सपिरेसी यानी RICO एक्ट के तहत मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
क्या है ऑपरेशन हार्ड बॉल?
FBI ने अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट की कमर तोड़ने के लिए ऑपरेशन हार्ड बॉल नामक अभियान छेड़ा है। इस व्यापक ऑपरेशन के जरिए FBI और उनके एजेंट अब तक अमेरिका, कनाडा और यूरोप में लगभग 50 से अधिक स्थानों पर छापेमारी कर चुके हैं। इन छापों के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री और नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। ऑपरेशन हार्ड बॉल के निशाने पर मुख्य रूप से लॉरेंस बिश्नोई गैंग, जग्गू भगवानपुरिया और गोल्डी बराड़ जैसे कुख्यात गैंगस्टरों के नेटवर्क हैं।
जग्गू भगवानपुरिया गैंग की आपराधिक फेहरिस्त
इससे पहले अमेरिका की ग्रैंड ज्यूरी अमेरिका, मेक्सिको, कनाडा और भारत में फैले एक कथित अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट नेटवर्क का खुलासा कर चुकी है। इस मामले की चार्जशीट में जग्गू भगवानपुरिया और उसके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिनमें अवैध हथियारों का व्यापार, रंगदारी, हत्या की साजिश और नशीली दवाओं की तस्करी प्रमुख हैं। जग्गू भगवानपुरिया गैंग के इस ड्रग तस्करी नेटवर्क को लेकर इससे पहले भी कई बार चौंकाने वाले खुलासे हो चुके हैं।
Comments
0 comment