मध्य प्रदेश
3 घंटे पहले
2
विचारों
संस्कारधानी जबलपुर के लोगों के लिए सार्वजनिक परिवहन के मोर्चे पर बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना’ के तहत शहर को एक अहम सौगात मिलने जा रही है। इस योजना के अंतर्गत जल्द ही जबलपुर की सड़कों पर 309 नई बसें दौड़ती दिखाई देंगी, जिससे शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक आवाजाही और आसान हो जाएगी।
83 मार्गों पर दौड़ेंगी सीएम सुगम परिवहन की बसें
परिवहन विभाग की ओर से बनाई गई कार्ययोजना के पहले चरण में जबलपुर क्षेत्र के लिए कुल 83 मार्ग चिन्हित किए गए हैं। इन्हीं 83 मार्गों पर 309 अत्याधुनिक बसें संचालित की जाएंगी। यह पहल जहां शहर के भीतर यातायात को व्यवस्थित करेगी, वहीं जबलपुर को आसपास के जिलों और ग्रामीण अंचलों से भी जोड़ेगी।
लाखों यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
जबलपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड के सीईओ सचिन विश्वकर्मा ने बताया कि शहर में पहले से मेट्रो बसें चल रही हैं और अब जल्द ही ‘पीएम ई-बस सेवा’ भी शुरू होने वाली है। इसके साथ ही राज्य सरकार की इन 309 नई बसों के संचालन से लाखों यात्रियों को सीधा फायदा पहुंचेगा।
उनके मुताबिक, इन बसों का नेटवर्क इस तरह तैयार किया गया है कि महाकौशल क्षेत्र के बड़े शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच सहज हो सके। इससे रोजमर्रा सफर करने वाले यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों का सफर सुरक्षित तो होगा ही, साथ ही उन्हें सार्वजनिक परिवहन के लिए लंबा इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा।
बढ़ती आबादी, ट्रेनों में भी भीड़
जबलपुर की लगातार बढ़ती जनसंख्या और बाहरी इलाकों से शहर की ओर आने वालों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग का यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नई बसों के आने से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में एक नया अध्याय शुरू होगा।
इससे निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी और शहर को ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी। इतना ही नहीं, प्राइवेट बस ऑपरेटरों के दबाव से भी राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल विभाग इन बसों के संचालन की औपचारिक प्रक्रिया में जुटा हुआ है और इसके पूरा होते ही ये बसें आम नागरिकों के लिए सड़कों पर उपलब्ध हो जाएंगी।
Comments
0 comment