जीवनशैली
2 घंटे पहले
2
विचारों
गर्मियों के मौसम में आम पन्ना, आम रस और आम खीर तो आपने खूब खाई होगी, लेकिन इस बार पके आम से गुलाब जामुन बनाकर देखिए। एक बार चखने के बाद आप आम की इस रसभरी मिठाई के दीवाने हो जाएंगे। यह मिठाई बेहद रसीली, मुलायम और मिठास से भरपूर होती है और खाने में जबरदस्त लगती है। घर आए मेहमानों के लिए भी आप इसे आसानी से बना सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इस मैंगो गुलाब जामुन को बनाने के लिए मावा की कोई जरूरत नहीं पड़ती, बस कुछ साधारण चीजों से ही स्वादिष्ट मैंगो रसगुल्ला तैयार हो जाता है।
आम का पल्प तैयार करें
सबसे पहले कोई भी मीठा आम लें और उसका पल्प निकाल लें। ध्यान रहे कि आम बहुत ज्यादा रेशे वाला न हो। आम को छीलकर या बीच से काटकर उसका गूदा अलग कर लें। आपको करीब 1 कप पल्प चाहिए, जिसके लिए 1 बड़ा आम या 2 छोटे आम इस्तेमाल किए जा सकते हैं। अब इस आम के पल्प को बिना दूध और बिना चीनी के मिक्सी में डालकर पीस लें।
सूजी को भूनें
एक नॉन स्टिक पैन में आधा कप बारीक सूजी डालें। अगर सूजी मोटी है तो उसे एक बार मिक्सर जार में चला लें ताकि वह पतली पिस जाए। इसके बाद सूजी में 1 चम्मच देसी घी डालें और धीमी आंच पर इसे 5 मिनट तक हल्का-हल्का भून लें। अब इसमें आम का पिसा हुआ पल्प मिलाएं और लगातार चलाते हुए अच्छी तरह मिक्स करें।
मिश्रण पकाएं और चाशनी बनाएं
आम और सूजी को तब तक पकाना है जब तक यह अच्छी तरह डो जैसा न बन जाए। पकने के बाद यह मिश्रण पैन को छोड़ने लगेगा। तैयार मिश्रण को किसी घी लगी प्लेट में निकाल लें। जब तक डो ठंडा हो रहा हो, तब तक चाशनी बना लें। इसके लिए 1 कप सूजी और 1 कप पानी डालकर चीनी को अच्छी तरह घुलने तक पकाएं। चीनी घुलने के बाद इसे 5 मिनट और पकाना है। चाशनी में कोई तार नहीं बनाना है, बस उसे चिपचिपी होने तक पकाना है। रंग के लिए चाशनी में ऑरेंज फूड कलर मिला सकते हैं और स्वाद के लिए दो इलायची कूटकर डाल दें।
गोलियां बनाएं
जब आम और सूजी का मिश्रण हल्का ठंडा हो जाए, तो इसमें 2 बड़े चम्मच मिल्क पाउडर मिला दें। हाथों में थोड़ा घी लगाकर डो को सेट करें, इससे मिश्रण हाथ में नहीं चिपकेगा। अब इस मिश्रण से छोटी-छोटी गोलियां बना लें। आप चाहें तो किसी चम्मच की मदद से मिश्रण लेकर बॉल्स बना सकते हैं, इससे सारे बॉल्स एक ही साइज के बनेंगे।
फ्राई करें और चाशनी में डालें
अब तैयार आम के गुलाब जामुन को तलने के लिए पैन में घी गर्म करें। गैस की आंच धीमी रखें और एक बार में जितने गुलाब जामुन आ सकें उतने ही डालें। इन्हें धीमी आंच पर सुनहरा होने तक फ्राई कर लें। सभी गुलाब जामुन निकालकर चाशनी में डालें और ढक दें। इन्हें 1 घंटे चाशनी में डूबा रहने दें। इससे आम गुलाब जामुन का साइज भी बढ़ेगा और रस अंदर तक चला जाएगा।
आम के सीजन में यह आम गुलाब जामुन एक बार जरूर बनाकर देखें। यह रेसिपी आपको और आपके बच्चों दोनों को खूब पसंद आएगी, और सबसे बड़ी बात यह कि इसे बिना मावा के भी आसानी से तैयार किया जा सकता है।
Comments
0 comment