मनोरंजन
एक घंटा पहले
2
विचारों
टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री हिना खान ने 'भाबीजी घर पर हैं' फेम शिल्पा शिंदे से जुड़े ताजा विवाद पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। हिना ने शिल्पा की बातों को बेहद शर्मनाक बताते हुए तीखी टिप्पणी की है। दरअसल, शिल्पा शिंदे ने भारती सिंह के हालिया पॉडकास्ट में यह कबूल किया था कि उन्होंने प्रोड्यूसर संजय कोहली के खिलाफ यौन उत्पीड़न का जो मामला दर्ज कराया था, वह झूठा था। इसी खुलासे ने सोशल मीडिया पर बड़ा बवाल खड़ा कर दिया।
शिल्पा शिंदे पर भड़कीं हिना खान
जब हिना खान को यह पता चला कि संजय कोहली के खिलाफ लगाया गया यौन उत्पीड़न का आरोप झूठा था, तो उन्हें गहरा झटका लगा। इसके बाद उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट साझा किया, जिसने सबको चौंका दिया।
हिना ने लिखा, 'हां, संघर्ष के दौरान जीतने के लिए किसी की छवि खराब करने के लिए इस तरह की बातों का इस्तेमाल करना बिल्कुल शर्मनाक है।' अभिनेत्री ने आगे कहा कि ऐसे मामलों में न्याय की मांग करना पूरी तरह सही है, लेकिन झूठ का सहारा लेना गलत है। उन्होंने बताया कि शिल्पा द्वारा संजय कोहली पर झूठे यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने की बात सुनकर वह हैरान रह गईं।
'असली पीड़ित संजय कोहली हैं'
हिना ने अपने नोट में आगे लिखा, 'लेकिन मैं यहां असली विक्टिम के बारे में बात करना चाहती हूं। एक इज्जतदार आदमी जिसकी एक पत्नी, एक बेटी और उसके परिवार में कई औरतें हैं।' इसके बाद उन्होंने प्रोड्यूसर संजय कोहली का बचाव करते हुए उन्हें एक मेहनती निर्माता बताया।
अभिनेत्री ने यह भी कहा, 'जैसा कि फीमेल एक्टर ने माना, उनके आरोप सिर्फ बेबुनियाद नहीं थे, बल्कि उनका इस्तेमाल फायदा उठाने, जीतने, स्कोर करने, दावा करने और कानून का इस्तेमाल किए बिना समझौता करने के लिए किया गया था।'
'क्या मजाक है' वाला सवाल
हिना खान को इस बात पर भी यकीन नहीं हुआ कि उसी प्रोड्यूसर ने बाद में उसी अभिनेत्री को काम दिया, जिसने उन पर आरोप लगाए थे। उन्होंने लिखा, 'और उसके बाद भी वही प्रोड्यूसर वही शो उसी इंसान को देता है। एक और लॉन्चपैड, एक और माउथपीस, एक और रेलेवेंस, सेक्सुअल असॉल्ट के अपने फेक क्लेम को सही साबित करने का एक और मौका।'
अपने नोट के अंत में हिना ने सवाल उठाया, 'क्या होगा अगर एक्ट्रेस ने इसे फिर दोहराया? आखिर उन्हें वही शो दिया गया है, जिस पर उसने झूठा आरोप लगाया था। क्या मजाक है।'
आखिर क्यों ट्रोल हो रही हैं शिल्पा शिंदे?
पॉडकास्ट के दौरान शिल्पा शिंदे ने खुद माना कि आरोप झूठा था और दावा किया कि उन्होंने केस इसलिए किया क्योंकि उस समय उनके पास कोई और रास्ता नहीं बचा था। उन्होंने यह भी बताया कि आखिरकार मामला सुलझ गया और उनके पेंडिंग पेमेंट क्लियर हो गए। इसी खुलासे के बाद से वह लगातार सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रही हैं।
Comments
0 comment