जीवनशैली
53 मिनट पहले
2
विचारों
भारत में करोड़ों लोग हर दिन चाय पीते हैं और कई लोगों की तो चाय के बिना सुबह ही नहीं होती। देश में ज़्यादातर लोग दूध वाली मीठी चाय पसंद करते हैं, जबकि फिटनेस का ध्यान रखने वाले कई लोग बिना दूध और चीनी की चाय पीना बेहतर मानते हैं। इन्हीं के बीच कुछ लोग ऐसे भी हैं जो चाय में नमक डालकर पीना पसंद करते हैं और इसे सेहत के लिए अच्छा मानते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि अगर चीनी की जगह या उसके साथ चाय में नमक मिला दिया जाए, तो शरीर पर इसका क्या असर पड़ता है।
क्या कहते हैं डॉक्टर
दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और सीनियर फिजीशियन डॉ. अनिल बंसल के अनुसार, नमक डालने से चाय का स्वाद पूरी तरह बदल जाता है और मीठी चाय की जगह उसमें नमकीन स्वाद आ जाता है। उनका साफ कहना है कि चाय में नमक मिलाने का कोई फायदा नहीं है। अगर कोई व्यक्ति बार-बार चाय पीता है और उसमें नमक डालता है, तो इससे सेहत को नुकसान पहुँचता है।
सोडियम बढ़ने का खतरा
डॉक्टर बताते हैं कि ज़्यादा नमक का सेवन शरीर में सोडियम की मात्रा बढ़ा सकता है, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने और दिल पर दबाव पड़ने का खतरा रहता है। यही वजह है कि रोज़ाना की चाय में नमक मिलाने की आदत को फायदेमंद नहीं माना जाता।
उनके मुताबिक, अगर कोई नियमित रूप से नमक वाली चाय पीता है तो शरीर में सोडियम का स्तर बढ़ सकता है। अधिक सोडियम का संबंध हाई ब्लड प्रेशर, पानी की कमी और किडनी पर अतिरिक्त दबाव जैसी समस्याओं से हो सकता है।
लो ब्लड प्रेशर वालों के लिए छूट
डॉ. बंसल का कहना है कि जिन लोगों को लो ब्लड प्रेशर की समस्या रहती है, वे चाय में चुटकी भर नमक डालकर पी सकते हैं। हालाँकि, रोज़ की चाय में नमक डालने से बचना चाहिए। चाय को संतुलित मात्रा में और बिना चीनी के पीना ज़्यादा सुरक्षित माना जाता है, क्योंकि अत्यधिक मीठी या अत्यधिक नमकीन, दोनों तरह की चाय सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
दिन में कितनी चाय सही
डॉक्टर सलाह देते हैं कि दिन में 2 से 3 कप से ज़्यादा चाय का सेवन नहीं करना चाहिए। हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि चाय में नमक डालना स्वाद के लिहाज़ से भले ही एक अलग अनुभव दे, लेकिन स्वास्थ्य की दृष्टि से यह आदत सुरक्षित नहीं मानी जाती। पारंपरिक तरीके से बनी चाय ही शरीर के लिए बेहतर रहती है।
ट्रेंड के पीछे भागने से बचें
किसी भी नए प्रयोग को आदत बनाने से पहले उसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर को समझना ज़रूरी है। आजकल कई लोग सोशल मीडिया पर देखकर ट्रेंड फॉलो करना शुरू कर देते हैं, लेकिन ऐसा करने से बचना चाहिए। अगर आपको पहले से कोई बीमारी है, तो किसी भी तरह के प्रयोग से पहले एक्सपर्ट की सलाह ज़रूर लेनी चाहिए।
Comments
0 comment