जीवनशैली
एक घंटा पहले
2
विचारों
बीमार पड़ने पर डॉक्टर दवाएं देते हैं, जो रोगों को ठीक करने में मदद करती हैं। लेकिन फायदा तभी मिलता है जब दवा को सही तरीके से लिया जाए। गलत ढंग से दवा लेने पर सेहत को नुकसान भी पहुंच सकता है। अक्सर जल्दबाजी या जानकारी के अभाव में लोग दवाएं खाली पेट खा लेते हैं, जबकि कुछ दवाओं को भोजन के बाद लेने की सलाह दी जाती है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि कौन-सी दवाएं खाली पेट नहीं लेनी चाहिए और गलती से ऐसा करने पर शरीर पर क्या असर पड़ सकता है।
दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल के सीनियर फिजीशियन डॉ. राकेश गुप्ता के अनुसार, हर दवा का शरीर में काम करने का तरीका अलग होता है। कुछ दवाएं भोजन के साथ बेहतर तरीके से अवशोषित होती हैं और अगर इन्हें खाली पेट लिया जाए तो पेट की परत को नुकसान पहुंच सकता है।
दर्द निवारक दवाएं
दर्द, बुखार और सूजन में इस्तेमाल होने वाली कई सामान्य दर्द निवारक दवाएं खाली पेट लेने पर पेट में जलन, गैस, एसिडिटी और कुछ मामलों में अल्सर का जोखिम बढ़ा सकती हैं। यही वजह है कि डॉक्टर इन्हें अक्सर खाने के बाद लेने की सलाह देते हैं। अगर कोई व्यक्ति नियमित रूप से इन दवाओं को खाली पेट लेता रहे तो लंबे समय में पेट की अंदरूनी परत प्रभावित हो सकती है और पाचन से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
एंटीबायोटिक्स को लेकर सावधानी
डॉ. गुप्ता बताते हैं कि सभी एंटीबायोटिक दवाएं एक जैसी नहीं होतीं। कुछ दवाएं भोजन के साथ लेने पर बेहतर असर करती हैं और पेट की परेशानी को कम रखती हैं। खाली पेट लेने पर कुछ लोगों को मतली, पेट दर्द, उल्टी या दस्त जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। हालांकि कुछ एंटीबायोटिक्स ऐसी भी होती हैं जिन्हें डॉक्टर विशेष रूप से खाली पेट लेने की सलाह देते हैं। इसलिए बिना डॉक्टरी निर्देश के कोई एक सामान्य नियम नहीं अपनाना चाहिए।
डायबिटीज की दवाएं
डायबिटीज की कुछ दवाएं भोजन से पहले या खाने के साथ लेने के लिए निर्धारित की जाती हैं। अगर इन्हें खाली पेट ले लिया जाए और बाद में खाना न खाया जाए, तो ब्लड शुगर बहुत अधिक गिर सकता है, जो खतरनाक हो सकता है।
आयरन और विटामिन सप्लीमेंट्स
डॉक्टर के मुताबिक, आयरन की गोलियां तकनीकी रूप से खाली पेट बेहतर अवशोषित हो सकती हैं, लेकिन कई लोगों को इन्हें खाली पेट लेने पर मतली, पेट दर्द, कब्ज या पेट में असहजता महसूस होती है। ऐसे मामलों में डॉक्टर इन्हें भोजन के साथ या हल्के नाश्ते के बाद लेने की सलाह दे सकते हैं। इसके अलावा कुछ विटामिन, खासकर फैट में घुलनशील विटामिन A, D, E और K भोजन के साथ लेने पर बेहतर तरीके से अवशोषित होते हैं। इन्हें खाली पेट लेने पर इनका लाभ कम हो सकता है और कुछ लोगों को पेट में असुविधा भी हो सकती है।
खाली पेट लेने पर हो सकते हैं ये साइड इफेक्ट
एक्सपर्ट के अनुसार, जिन दवाओं को भोजन के साथ लेना हो और उन्हें खाली पेट ले लिया जाए, तो कई तरह के साइड इफेक्ट सामने आ सकते हैं। इनमें पेट में जलन, एसिडिटी, गैस, मतली, उल्टी, पेट दर्द, चक्कर आना और कुछ मामलों में दवा का असर कम होना शामिल है। पहले से पेट की समस्याएं जैसे गैस्ट्राइटिस या अल्सर भी बढ़ सकती हैं।
दवा लेते समय इन बातों का रखें ध्यान
दवा लेने के समय को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए। दवा के पैकेट या प्रिस्क्रिप्शन पर लिखे निर्देशों को हमेशा पढ़ें। अगर डॉक्टर ने भोजन के बाद दवा लेने को कहा है, तो उसे खाली पेट लेने से बचें। किसी भी दवा को लेकर मन में संदेह हो तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
Comments
0 comment