छह घंटे में बदला फैसला: 'पति और बच्चों के साथ ही रहूंगी', डेढ़ साल से प्रेमी संग रह रही थी महिला मध्य प्रदेश एक महीने पहले 25
ग्वालियर में डेढ़ साल से प्रेमी के साथ रह रही महिला ने हाईकोर्ट में पति के साथ रहने से इनकार किया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद पुलिस के सामने बयान पलटते हुए पति और तीनों बच्चों के साथ लौटने की इच्छा जता दी।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने महज कुछ घंटों के भीतर अपना रुख पूरी तरह बदल लिया और अब उसका प्रेमी इधर-उधर भटक रहा है। यह महिला करीब डेढ़ साल से अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। पति की शिकायत पर जब हाईकोर्ट में सुनवाई हुई तो महिला ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह प्रेमी के साथ ही रहेगी। लेकिन कुछ ही घंटों बाद वह पति के घर पहुंच गई और पुलिस अधिकारियों से बातचीत में कहा कि वह अब अपने पति और बच्चों के साथ ही रहना चाहती है।

माधव नगर गेट के सामने तीन बच्चों की मां के फिल्मी अंदाज में हुए अपहरण के इस हाईप्रोफाइल मामले में नया और चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। महिला को उसके पति और परिजन प्रेमी की पिटाई कर जबरन कार में बैठाकर ले गए थे। फिलहाल महिला पुलिस को मिल गई है। सबसे अहम बात यह रही कि महिला ने प्रेमी का साथ छोड़कर दोबारा अपने पति और बच्चों के पास लौटने की इच्छा जाहिर की है।

क्या है पूरा मामला

मुरैना की रहने वाली खुशबू तोमर की शादी भिंड निवासी रामू तोमर से हुई थी और इस दंपती के तीन बच्चे हैं। करीब डेढ़ साल पहले खुशबू अपने बच्चों और पति को छोड़कर भिंड के ही रहने वाले प्रेमी रामवेन्द्र सिंह भदौरिया के साथ कानपुर चली गई थी। पति रामू ने इसकी शिकायत करते हुए हाईकोर्ट में हैबियस कॉर्पस याचिका दायर की। शुक्रवार को पुलिस ने महिला को कानपुर से बरामद कर हाईकोर्ट में पेश किया। अदालत में खुशबू ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया और प्रेमी रामवेन्द्र के साथ रहने की इच्छा जताई। इस पर कोर्ट ने उसे अपनी मर्जी से रहने की स्वतंत्रता दे दी।

इसके बाद खुशबू अपने प्रेमी रामवेन्द्र के साथ जा रही थी। जैसे ही वह माधव नगर गेट के सामने पहुंची, पति रामू तोमर, सुमित, कल्ली और जूली ईको कार से वहां आ धमके और महिला को उठाकर ले गए। प्रेमी ने झांसी रोड थाने पहुंचकर अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। प्रेमी का कहना है कि एक साल से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में हैं और दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली है। उसका दावा है कि दोनों अब पति-पत्नी हैं और महिला 6 महीने की गर्भवती है।

देवगढ़ थाने पहुंची महिला, फिर पलटे बयान

ग्वालियर से अचानक गायब होने के बाद पुलिस इस मामले में लगातार दबाव बनाए हुए थी। झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने तत्परता दिखाते हुए जब बातचीत की, तो महिला को नजदीकी थाने पहुंचने की समझाइश दी गई। इसके बाद महिला मुरैना जिले के देवगढ़ थाने पहुंच गई। सूचना मिलते ही झांसी रोड थाना पुलिस तुरंत देवगढ़ रवाना हुई और महिला को वापस ग्वालियर ले आई। पुलिस अधिकारियों के सामने महिला ने यू-टर्न लेते हुए अपने बयान पूरी तरह बदल दिए। खुशबू ने अधिकारियों को बताया कि अब वह प्रेमी के साथ नहीं, बल्कि अपने पति रामू तोमर और तीनों बच्चों के साथ रहना चाहती है।

अब अदालत में दर्ज होंगे बयान

झांसी रोड थाना प्रभारी के अनुसार, महिला सुरक्षित है और उसने खुद ही पति और बच्चों के साथ रहने की बात कही है। चूंकि यह मामला हाईकोर्ट से जुड़ा हुआ था और अपहरण की शिकायत भी दर्ज हुई थी, इसलिए पुलिस अब महिला के न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराएगी।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप