मध्य प्रदेश
2 घंटे पहले
1
विचारों
ग्वालियर शहर के मुरार क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब उधारी के विवाद में चार-पांच बदमाशों ने एक महिला और उसके बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। महज पांच हजार रुपये की उधारी के चलते हमलावरों ने मां-बेटे पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मां बुरी तरह घायल हो गई। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। इस पूरी वारदात के पीछे पैसों के लेन-देन को वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
चंद रुपयों के लिए छिन गई जिंदगी
यह घटना मुरार थाना क्षेत्र के हाथी खाना इलाके की है, जहां युवक सोनू राजे और उसकी मां पर बदमाशों ने चाकुओं से हमला बोल दिया। हमलावरों ने युवक पर एक के बाद एक कई वार किए और चाकू से उसके शरीर को गोद डाला। जब घर में मौजूद उसकी मां सुनीता अपने बेटे को बचाने के लिए आगे आईं तो हमलावरों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में मां और बेटा दोनों गंभीर रूप से घायल होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े।
वारदात के बाद फरार हुए हमलावर
घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। जैसे ही वारदात की जानकारी मिली, पिता मौके पर पहुंचे तो देखा कि बेटे सोनू राजे की मौत हो चुकी थी, जबकि पत्नी सुनीता राजे दर्द से तड़प रही थीं। सुनीता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने सोनू राजे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं सुनीता का इलाज जारी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई है।
आरोपियों पर एफआईआर, दो गिरफ्तार
मृतक सोनू राजे के पिता अशोक राजे की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। घटना को लेकर सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि मृतक युवक सोनू राजे पेशे से ऑटो चालक था और पैसों के लेन-देन को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद चल रहा था। मृतक ने कुछ युवकों से पांच हजार रुपये उधार लिए थे। बार-बार पैसे मांगे जाने के बावजूद जब सोनू उधारी नहीं लौटा पाया तो आज दोपहर तीन से चार युवक उसके घर पहुंचे और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में सोनू राजे की मौत हो गई, जबकि मां का इलाज चल रहा है। मामले की जांच-पड़ताल जारी है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित कुछ अन्य अब भी फरार हैं।
Comments
0 comment