हरियाणा
एक घंटा पहले
2
विचारों
हरियाणा के गुरुग्राम से वर्दी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां दिल्ली पुलिस के एक सिपाही पर अपनी पूर्व प्रेमिका के साथ सरेआम मारपीट करने, उसके परिवार को धमकाने और सोसाइटी में हंगामा करने के गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में धुत सिपाही युवती के घर पहुंचा और जबरन भीतर घुसने की कोशिश की। विरोध होने पर उसने सड़क पर ही युवती को बाल पकड़कर पीटा। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
पॉश सोसाइटी में वर्दी पर उठे सवाल
यह घटना गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित पॉश जलवायु विहार सोसाइटी की है। आरोप है कि दिल्ली पुलिस के सिपाही रोनित यादव ने अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड के घर पर शराब के नशे में हंगामा खड़ा कर दिया। जब परिजनों ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कथित तौर पर युवती की मां तथा नाबालिग बहन को जान से मारने एवं दुष्कर्म तक की धमकी दे डाली।
सुबह पांच से छह बजे के बीच की घटना
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, यह घटना अलसुबह करीब पांच से छह बजे के बीच की है। उस समय युवती घर पर मौजूद नहीं थी, बल्कि एक पारिवारिक समारोह में गई हुई थी। मां का फोन आने पर जब वह वापस सोसाइटी पहुंची तो आरोपी ने उसे रास्ते में ही रोक लिया। आरोप है कि उसने युवती के बाल पकड़कर खींचे, उसे सड़क पर धक्का दिया और बेरहमी से मारपीट की। बीच-बचाव के लिए आगे आए एक युवक के साथ भी आरोपी ने हाथापाई की।
भागते समय थार से तोड़ा सोसाइटी का गेट
पूरी वारदात सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई और वीडियो में आरोपी का हंगामा साफ नजर आ रहा है। घटना के बाद जब आरोपी मौके से भागने लगा तो सुरक्षाकर्मियों ने सोसाइटी का गेट बंद कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उसने अपनी थार गाड़ी से सोसाइटी के लोहे के गेट में जोरदार टक्कर मार दी और वहां से निकल भागने की कोशिश की।
गाजियाबाद का रहने वाला है आरोपी
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी रोनित यादव के रूप में हुई है। वह दिल्ली पुलिस में सिपाही है और बताया जा रहा है कि फिलहाल एक मेट्रो स्टेशन पर तैनात है। जांच में यह भी सामने आया कि पीड़िता और आरोपी की पहले दोस्ती थी, लेकिन बाद में युवती ने उससे अपने संबंध खत्म कर लिए थे।
सितंबर 2025 में भी मारपीट का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि सितंबर 2025 में भी आरोपी ने उसके साथ मारपीट की थी, लेकिन निजी वीडियो वायरल करने की धमकी के कारण उसने उस समय अपनी शिकायत वापस ले ली थी।
गिरफ्तार, जमानत याचिका खारिज
घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अदालत का दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
Comments
0 comment