मनोरंजन
2 घंटे पहले
7
विचारों
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की फिल्म 'भूत बंगला' जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर दस्तक देने वाली है। इसी फिल्म के प्रचार के सिलसिले में प्रियदर्शन, अक्षय कुमार और राजपाल यादव एक बार फिर एक मंच पर एकसाथ नजर आए। तीनों कलाकार फराह खान के टॉक शो में पहुंचे और पुराने दिनों के कई मजेदार किस्से साझा किए। बातचीत के दौरान फराह खान और अक्षय कुमार से जुड़ा एक रोचक प्रसंग भी सामने आया, जिसका नाता फिल्म 'तीस मार खान' से था। इसमें फराह ने बताया कि किस तरह अक्षय कुमार ने उनकी जेब पर भारी असर डाला था।
लंबा सफर रोज हेलीकॉप्टर से तय करते थे अक्षय
फराह खान कई मौकों पर कह चुकी हैं कि अक्षय कुमार के मुख्य किरदार वाली उनकी फिल्म 'तीस मार खान' बॉक्स ऑफिस पर भले कामयाब नहीं रही, मगर बाद में दर्शकों ने इसे काफी पसंद किया। हाल ही में अक्षय, प्रियदर्शन और राजपाल यादव के साथ हुई बातचीत में एक दिलचस्प बात उभरकर आई कि अक्षय रोजाना हेलीकॉप्टर से 'तीस मार खान' के सेट पर पहुंचते थे। इस वाकये को याद करते हुए फराह ने कहा, 'हम माल्शेज में 'तीस मार खान' की शूटिंग कर रहे थे। हर दिन सुबह 8 बजे का कॉल टाइम होता था। सभी लोग वहीं रुकते थे क्योंकि मुंबई से वहां तक पहुंचने में लगभग ढाई घंटे लगते थे, लेकिन अक्षय हर शाम पैक-अप के बाद घर चले जाते थे और अगली सुबह 7:45 बजे तक वापस आ जाते थे।'
'मेरे सारे पैसे खा गया'
यह बात सुनकर राजपाल यादव हैरान रह गए कि अक्षय आखिर हर दिन इतना लंबा फासला कैसे पार कर लेते थे। तभी अक्षय ने बेझिझक बताया कि शूटिंग के दौरान वह हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करते थे, जिसे सुनकर सब हंस पड़े। फराह ने स्वीकार किया कि यह पहला मौका था जब उन्होंने किसी अभिनेता को हेलीकॉप्टर को टैक्सी की तरह इस्तेमाल करते देखा, लेकिन साथ ही उन्होंने अक्षय की तारीफ भी की कि वह हमेशा समय पर सेट पर आ जाते थे। अपने बचाव में अक्षय ने कहा कि इससे किसी को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए थी, क्योंकि वह खुद भी फिल्म के निर्माता थे। इस पर फराह ने तुरंत पलटवार किया, 'और मैं भी तो थी। मेरे सारे पैसे खा गया।' जवाब में अक्षय ने कहा कि उस फिल्म से सबसे ज्यादा कमाई तो खुद फराह ने ही की थी। हालांकि फराह हंस पड़ीं और मजाकिया अंदाज में बोलीं कि उन्हें निर्माता रॉनी स्क्रूवाला को फोन करके पूछना चाहिए कि उनके सारे पैसे आखिर कहां चले गए।
'तीस मार खान' की कहानी
'तीस मार खान' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर लगभग ₹84 करोड़ की कमाई की थी, मगर रिलीज के वक्त आलोचकों की ओर से फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। समय बीतने के साथ इस फिल्म को नए दर्शक मिलते गए, क्योंकि इसके कई दृश्य और संवाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गए और लोकप्रिय मीम्स में तब्दील हो गए। अक्षय कुमार के साथ इस फिल्म में अक्षय खन्ना, कैटरीना कैफ, अली असगर, रघु राम और राजीव जैसे कलाकार अहम भूमिका में थे। फिल्म में अक्षय कुमार एक चोर के किरदार में नजर आए थे, जबकि अक्षय खन्ना ने एक बॉलीवुड अभिनेता का रोल निभाया था।
फराह पर फिल्म का असर
इससे पहले रणवीर इलाहाबादिया से बातचीत में फराह ने बताया था कि इस फिल्म की नाकामी ने उन्हें निजी और पेशेवर दोनों तौर पर किस तरह प्रभावित किया था। उन्होंने कहा था, 'इससे आप लंबे समय तक पीछे रह जाते हैं। आप आगे बढ़ते हैं, वापसी करते हैं और काम जारी रखते हैं, लेकिन कहीं न कहीं आपके मन में हमेशा यह बात रहती है कि आप पीछे हैं। ऐसा नहीं है कि आप खुद पर शक करने लगते हैं, लेकिन लोग आपको खुद पर शक करने की तरफ धकेलने की कोशिश करते हैं। जब आपकी फिल्म हिट हो जाती है, तब भी लोग आपको ऐसा महसूस करा सकते हैं कि आप कुछ भी कर सकते हैं। फिर हर कोई आपकी बात आंख बंद करके मानता है क्योंकि उन्हें लगता है कि आपको सब कुछ पता है। आपको उस पर भी सवाल उठाना होता है। करियर के लिहाज से, यह मेरे लिए अच्छा दौर नहीं था।'
Comments
0 comment