दिल्ली
एक घंटा पहले
1
विचारों
राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में दिल्ली पुलिस के एक सिपाही की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि सिपाही रोनित यादव ने अपनी पूर्व प्रेमिका के साथ बीच सड़क पर बेरहमी से मारपीट की। बताया जा रहा है कि आरोपी सिपाही शराब के नशे में युवती के घर पहुंचा और जब उसे घर में घुसने से रोका गया तो उसने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी ने युवती की नाबालिग बहन और उसकी मां को भी जान से मारने की धमकी दी।
थार से सोसाइटी के गेट पर मारी टक्कर
घटना के बाद मौके से भागते समय आरोपी ने अपनी थार गाड़ी से सोसाइटी के गेट पर टक्कर मार दी। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी बीच सड़क पर युवती के बाल पकड़कर उसे घसीट रहा है। शिकायत मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी सिपाही रोनित यादव को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही गुरुग्राम कोर्ट ने आरोपी की जमानत याचिका भी खारिज कर दी।
क्राइम ब्रांच के पास हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
दूसरी चौंकाने वाली घटना सेक्टर-10 से सामने आई है। यहां क्राइम ब्रांच ऑफिस के पास एक दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दी। यह विवाद पैसों के लेन-देन को लेकर बताया जा रहा है। अर्जुन साहू नाम का व्यक्ति अपने करीब 12 से ज्यादा साथियों के साथ आशीष नामक युवक के ऑफिस पर धावा बोलने पहुंचा था। ऑफिस पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई। इसके बाद बदमाशों ने लोहे की रॉड और डंडों से गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। तोड़फोड़ के बाद आरोपियों ने खुलेआम हथियार निकाले और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में एक युवक को लगी गोली
इस अंधाधुंध फायरिंग में एक युवक को गोली लग गई, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है। क्राइम ब्रांच के ठीक बाहर हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गुरुग्राम पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन साहू समेत कई अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं।
Comments
0 comment