जीवनशैली
एक घंटा पहले
2
विचारों
भारतीय रसोई में अदरक और लहसुन की अहमियत किसी से छिपी नहीं है। जिंजर गार्लिक पेस्ट न सिर्फ पकवान की खुशबू निखारता है, बल्कि उसके स्वाद को भी कई गुना बढ़ा देता है। बाज़ार में मिलने वाले डिब्बाबंद पेस्ट अक्सर मिलावटी होते हैं और उनमें तरह-तरह के केमिकल मिलाए जाते हैं, जो सेहत के लिए नुकसानदेह साबित हो सकते हैं। यही वजह है कि बहुत से लोग इसे घर पर ही तैयार करना पसंद करते हैं। मगर आम शिकायत यह रहती है कि घर का बना पेस्ट कुछ ही दिनों में बदबू देने लगता है। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो आइए जानते हैं कि इसकी असली वजह क्या है और घर पर यह पेस्ट किस तरह बनाया जाए।
पेस्ट बनाने के लिए ज़रूरी सामग्री
दो कप लहसुन, आधा कप से थोड़ा ज़्यादा अदरक, दो चम्मच सफेद सिरका और एक चम्मच नमक।
घर पर ऐसे बनाएं जिंजर गार्लिक पेस्ट
पहला स्टेप: सबसे पहले दो कप लहसुन लें। लहसुन की गांठों को तोड़कर दो कप जितनी कलियां इकट्ठा कर लें।
दूसरा स्टेप: अब सारी कलियों को अच्छी तरह छीलकर पानी से धो लें। इसी तरह अदरक को भी छीलें, उसके टुकड़े करें और पानी में धो लें।
तीसरा स्टेप: इसके बाद लहसुन और अदरक दोनों को एक सूती कपड़े पर फैलाकर धूप में अच्छी तरह सुखा लें। ध्यान रहे कि अगर इनमें ज़रा-सी भी नमी बची रह गई, तो पेस्ट से बदबू आने लगेगी। इसलिए दोनों का पूरी तरह सूखना ज़रूरी है।
चौथा स्टेप: जब दोनों अच्छी तरह सूख जाएं, तो इन्हें एक बड़े मिक्सी जार में डालें। साथ में दो चम्मच सफेद सिरका और एक चम्मच नमक मिलाएं। अब बिना पानी मिलाए इन्हें पीस लें।
पांचवां स्टेप: अगर पीसने में दिक्कत आ रही हो, तो इसमें आधा या एक चम्मच तेल डाल दें। पिसने के बाद पेस्ट को किसी एयरटाइट कंटेनर में भर लें।
छठा स्टेप: आपका जिंजर गार्लिक पेस्ट तैयार है। जब भी इसे सब्ज़ी या किसी अन्य व्यंजन में इस्तेमाल करें, तो इस बात का ख्याल रखें कि जार का ढक्कन ज़्यादा देर खुला न रहे, वरना पेस्ट में नमी लग सकती है।
बदबू से बचने के लिए याद रखें ये बातें
पेस्ट के जल्दी खराब होने और गंध आने की सबसे बड़ी वजह नमी ही होती है। इसलिए अदरक और लहसुन को पूरी तरह सुखाना, पीसते समय पानी न मिलाना और तैयार पेस्ट को एयरटाइट कंटेनर में रखना सबसे अहम है। इन छोटी-छोटी सावधानियों से आपका घर का बना पेस्ट लंबे समय तक ताज़ा बना रहेगा।
Comments
0 comment