ग्राउंड रिपोर्ट: मानसून से पहले संभल जाएं जिम्मेदार... धौलपुर के हुंडावाल रोड पर सीवर जाम और जलभराव ने बढ़ाई मुसीबत राजस्थान एक घंटा पहले 2
धौलपुर के हुंडावाल रोड पर पिछले करीब दो वर्षों से सीवर जाम और जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे आसपास की कॉलोनियों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। स्थानीय लोग बीमारियों और हादसों के खतरे के बीच स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

धौलपुर शहर के हुंडावाल रोड पर लंबे समय से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। बारिश और सीवर लाइन के जाम होने से हालात और बिगड़ गए हैं। यह सड़क शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है और इसके आसपास कई कॉलोनियां बसी हुई हैं, जहां हजारों लोग रहते हैं। सड़क पर दूषित और बदबूदार सीवर का पानी जमा रहने से स्थानीय निवासियों, बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि आसपास की कॉलोनियों में भी बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें रोजाना इसी गंदे और बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ता है। सड़क पर पानी भरे होने के कारण पैदल चलना भी कठिन हो गया है, वहीं वाहन चालकों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जलभराव से बढ़ती जा रही लोगों की परेशानी

राहगीर मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि नर्सरी के सामने से गुजरने वाले हुंडावाल रोड पर हमेशा सीवर का दूषित पानी भरा रहता है, जिससे आने-जाने में दिक्कत होती है। उन्होंने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से यह समस्या लगातार बनी हुई है। रोज कई बार गंदे पानी से होकर गुजरने के कारण उनकी मोटरसाइकिल भी खराब हो चुकी है। उनका कहना है कि इस पानी की वजह से लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है।

राहगीर हिमांशु शर्मा का कहना है कि सड़क पर लगातार भरे पानी के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को होती है और फिसलकर गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है। उन्होंने बताया कि कार्यालय जाने वाले लोगों को भी मुश्किल होती है, क्योंकि गंदे पानी से गुजरने पर उनके कपड़े खराब हो जाते हैं। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधि इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे, जबकि जलभराव की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।

बीमारियों और हादसों का बढ़ता खतरा

स्थानीय निवासी रिंकू बघेल का कहना है कि सीवर के दूषित पानी के कारण आसपास की कॉलोनियों में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। सड़क पर बने गड्ढे जलभराव के कारण दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि कई लोग पहले भी हादसों का शिकार हो चुके हैं।

स्थायी समाधान की मांग कर रहे लोग

नर्सरी गेट नंबर-2 के सामने रहने वाले सुमित ने बताया कि इस क्षेत्र में कई वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। उनका कहना है कि नाला और सीवर ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है। मानसून के दौरान हालात और गंभीर हो जाते हैं और पूरी सड़क नदी जैसी नजर आने लगती है। कई बार यह पानी घरों तक पहुंच जाता है।

सुमित ने बताया कि इस संबंध में कई बार नगर परिषद और प्रशासन को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में नालों की सफाई के दौरान निकाली गई गंदगी को सड़क किनारे ही छोड़ दिया गया, जिससे पूरे रोड पर कीचड़ फैल गया है और बाइक सवार फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।

नगर परिषद से की गई यह मांग

स्थानीय लोगों ने धौलपुर प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि सीवर लाइन की सफाई कराकर जलभराव की समस्या का जल्द समाधान किया जाए। साथ ही बारिश के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था हो, ताकि यह समस्या पूरी तरह खत्म हो सके। लोगों का कहना है कि मानसून से पहले जिम्मेदार लोग जरूरी कदम उठाएं, जिससे शहर में हालात सामान्य बने रहें और आमजन को राहत मिल सके।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!