दिल्ली
एक घंटा पहले
2
विचारों
दिल्ली पुलिस ने बहादुरी, कर्तव्यनिष्ठा और बेहतरीन सेवा का परिचय देने वाले अपने जांबाज जवानों को आज (शनिवार को) सम्मानित किया। पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने अपनी जान दांव पर लगाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कार, आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन और नकद इनाम प्रदान किया। इस मौके पर मालवीय नगर के हौजरानी में हुए अग्निकांड में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने वाले 8 पुलिसकर्मियों को असाधारण कार्य पुरस्कार दिया गया, वहीं महरौली में हुए बिल्डिंग हादसे के बाद मलबे में फंसे लोगों को बचाने वाले 2 सिपाहियों को आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन से नवाजा गया।
मलबे से जान बचाने वालों को पदोन्नति
दिल्ली पुलिस मुख्यालय के विमर्श कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस सम्मान समारोह में कमिश्नर सतीश गोलचा ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित किया। साउथ डिस्ट्रिक्ट के महरौली थाने में तैनात कांस्टेबल अंगद सिंह मीणा और कांस्टेबल मनीष कुमार को आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन देते हुए हेड कांस्टेबल के पद पर पदोन्नत किया गया। इन दोनों ने 30 मई को हुए बिल्डिंग हादसे के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर मलबे से लोगों को सुरक्षित निकाला था।
आग हादसे में बचाव के लिए असाधारण कार्य पुरस्कार
मालवीय नगर के हौजरानी स्थित 'फ्लरिश स्टे' में 3 जून को लगी भीषण आग के दौरान सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए विदेशी नागरिकों समेत कई लोगों की जान बचाने वाले 8 पुलिसकर्मियों को असाधारण कार्य पुरस्कार के साथ-साथ 50-50 हजार रुपये का नकद इनाम दिया गया है। इस सूची में एसआई राम किशन, हेड कॉन्स्टेबल करतार, हेड कॉन्स्टेबल हरज्ञान, हेड कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार, हेड कॉन्स्टेबल संपत, कॉन्स्टेबल सुरेंद्र, कॉन्स्टेबल रवि कांत और कॉन्स्टेबल संजय शामिल हैं।
अन्य श्रेणियों में भी दिए गए पुरस्कार
कमिश्नर ने उत्कृष्ट जांच करने वाले अधिकारियों के अलावा बेस्ट डिवीजन ऑफिसर, बेस्ट बीट ऑफिसर, बेस्ट ट्रैफिक कॉप और बेस्ट पीसीआर टीम के विजेताओं को भी उनके बेहतरीन काम के लिए सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि ऐसे सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों को पहचान दिलाने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि पूरी पुलिस फोर्स का मनोबल भी बढ़ाते हैं। कठिन परिस्थितियों में तुरंत फैसले लेने, बहादुरी दिखाने और लोगों की जान बचाने वाले जवानों की सराहना दूसरे पुलिसकर्मियों को भी प्रेरित करती है।
Comments
0 comment