उत्तर प्रदेश
एक घंटा पहले
2
विचारों
लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र से मिलकर जेवर एयरपोर्ट तक चलने वाली उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की 45 इलेक्ट्रिक बसों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रवाना किया। इन बसों की शुरुआत के साथ ही मुख्यमंत्री ने नए नोएडा बस डिपो का भी उद्घाटन किया, जिससे इस इलाके के परिवहन नेटवर्क की क्षमता और मजबूत हुई है।
इलेक्ट्रिक बसों का यह नया बेड़ा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें तैनात की गई हैं, जिनमें 10 डबल-डेकर बसें भी शामिल हैं। ये सभी बसें सेक्टर-90 बस डिपो से संचालन के लिए तैयार हैं।
15 जून से शुरू होगा संचालन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "EV बसें 15 जून से चलनी शुरू हो जाएंगी और जेवर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ़्लाइट के बाद की सेवाओं की मांग के हिसाब से हमारा लक्ष्य 500 EV बसें चलाने का है।" उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में ही बसें तैयार करने के लिए 2 इलेक्ट्रिक बस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट (टाटा मोटर्स और अशोक लीलैंड) स्थापित किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यमुना अथॉरिटी की ओर से 3 हाइड्रोजन बसें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर जनपद में एक बड़े लक्ष्य के साथ राज्य आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में आज परिवर्तन साफ नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले प्रदेश में टूटी हुई सड़कें थीं और बिजली का अता-पता नहीं था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में प्रदेश में अराजकता भरा वातावरण था और चारों ओर फैली अव्यवस्था के बीच नागरिकों के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था।
प्रदेश के कई जिलों में एयरपोर्टः योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कभी त्रेता युग में भगवान श्री राम पुष्पक विमान से अयोध्या आए होंगे, लेकिन उसके बाद अयोध्यावासियों को कभी वायु सेवा का लाभ नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों तक अयोध्या उपेक्षित रही और आजादी के बाद भी इसका अपमान होता रहा। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनकर तैयार है और महर्षि वाल्मीकि को समर्पित यह एयरपोर्ट संचालित हो रहा है। सीएम योगी ने गिनाया कि प्रदेश में लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट, काशी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट मौजूद हैं।
Comments
0 comment