चंडीगढ़ में कैमिस्ट शॉप में घुसकर कैशियर को भूना, एक सेकंड में दागीं 13 गोलियां; हिमाचल की महिला प्रधान के पति थे मृतक हरियाणा एक घंटा पहले 2
चंडीगढ़ के सेक्टर 11 स्थित कुमार मेडिकल स्टोर में दो नकाबपोश बदमाशों ने कैशियर जानकी दास की ऑटोमैटिक गन से हत्या कर दी। पुलिस इस वारदात में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एंगल की जांच कर रही है और तीन आरोपी फिलहाल फरार हैं।

देश के सबसे सुंदर शहरों में गिने जाने वाला चंडीगढ़ अब अपराध की घटनाओं को लेकर सुर्खियों में है। वसूली से जुड़ी फायरिंग की वारदातें यहां लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला सेक्टर 11 का है, जहां चर्चित कुमार मेडिकल स्टोर में मौजूद कैशियर को गोलियों से छलनी कर दिया गया। हमलावरों ने ऑटोमैटिक गन से करीब एक सेकंड में 13 राउंड फायर किए। गंभीर रूप से घायल कैशियर को पीजीआई ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। चंडीगढ़ एसपी ने मौत की पुष्टि की है।

कैसे हुई वारदात

मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार दोपहर करीब ढाई बजे की है। दो बदमाश चेहरे पर मास्क लगाकर ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए और फिर दोनों ने हथियार निकालकर कैशियर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात के कई सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनमें गोली चलाने से लेकर भागने तक का पूरा घटनाक्रम कैद हो गया है।

फुटेज में नकाबपोश हमलावर प्वाइंट ब्लैंक रेंज से पिस्टल चलाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि दवा की दुकान से सामान लेने के बाद काउंटर पर बैठे व्यक्ति पर ऑटोमैटिक गन से फायरिंग की गई। फुटेज में दुकान के भीतर अफरा-तफरी का माहौल भी दिखाई दे रहा है।

हिमाचल के रहने वाले थे मृतक

फायरिंग में मारे गए कैशियर की पहचान जानकी दास (45) के रूप में हुई है। वे हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू के निवासी थे। हाल ही में हुए पंचायत चुनाव में उनकी पत्नी ने प्रधान का चुनाव जीता है और वे प्रधान बनी हैं। जानकी दास फिलहाल चंडीगढ़ के धनास में रह रहे थे।

दुकान मालिक थे निशाने पर?

पुलिस सूत्रों की मानें तो बदमाश किसी और को निशाना बनाने आए थे, लेकिन गोलियां किसी और पर चलाकर फरार हो गए। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि शूटरों के निशाने पर शायद दुकान के मालिक थे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी कुमार कैमिस्ट शॉप के मालिकों को वसूली को लेकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से कई बार कॉल आ चुके हैं, और अब इसी कड़ी से जोड़कर मामले की जांच की जा रही है।

एसपी ने दी जानकारी

चंडीगढ़ के एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि दो हमलावर मास्क पहनकर दुकान के अंदर गए और ताबड़तोड़ फायरिंग की। ऑटोमैटिक गन से 13 फायर किए गए। उन्होंने बताया कि दुकान मालिक को अब तक किसी तरह की कोई धमकी नहीं मिली थी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाहर इंतजार कर रहे साथी के साथ मोटरसाइकिल पर भाग निकले। एसपी के अनुसार, आरोपियों के इंतजार में एक बदमाश बाइक पर मौजूद था और फिर तीनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने कई टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

सामने आए कई वीडियो

सेक्टर 11 के इस मेडिकल स्टोर में हुई फायरिंग के दो और सीसीटीवी वीडियो सामने आए हैं, जिनमें गोली मारने के बाद हमलावर किस तरह भागे, यह स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। इससे पहले दुकान में प्रवेश और बाहर पार्किंग के वीडियो भी सामने आ चुके हैं।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!