मध्य प्रदेश
एक घंटा पहले
2
विचारों
भोपाल के बहुचर्चित मॉडल ट्विशा शर्मा मौत प्रकरण में 16 जून यानी मंगलवार को एक बार फिर हलचल तेज होने वाली है। इस मामले की मुख्य आरोपी और पूर्व जज गिरिबाला सिंह तथा उनके बेटे समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत कल खत्म हो रही है। सीबीआई की एंट्री के बाद से दोनों आरोपी जेल में बंद हैं और अब उनकी अगली पेशी को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है।
विशेष सीबीआई कोर्ट में होगी पेशी
दोनों आरोपियों को मंगलवार 16 जून को भोपाल की विशेष सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले की पिछली सुनवाई 2 जून को हुई थी, जब भोपाल कोर्ट ने गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। फिलहाल दोनों भोपाल सेंट्रल जेल में बंद हैं।
जेल सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एवं अन्य कारणों को ध्यान में रखते हुए गिरिबाला सिंह को जेल से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये वर्चुअल माध्यम से कोर्ट में पेश किया जा सकता है।
सीबीआई जांच में मिले कई अहम सुराग
ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच इस समय सीबीआई के हाथों में है और एजेंसी तेजी से आगे बढ़ रही है। जांच के दौरान सीबीआई टीम को कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर एजेंसी कोर्ट में अपना पक्ष रख सकती है। एजेंसी का पूरा फोकस मामले की कड़ियों को आपस में जोड़ने और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा करने पर है।
नोएडा से भोपाल पहुंच रहे ट्विशा के परिजन
इंसाफ की उम्मीद में ट्विशा के परिजन भी नोएडा से भोपाल पहुंच रहे हैं। मंगलवार को होने वाली पेशी के दौरान ट्विशा के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य कोर्ट में मौजूद रह सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, परिजन नोएडा से भोपाल के लिए रवाना हो चुके हैं। शुरू से ही वे इस मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते रहे हैं।
सबकी नजर कल की सुनवाई पर
मंगलवार को होने वाली यह पेशी कई मायनों में अहम मानी जा रही है। कोर्ट यह तय करेगा कि आरोपियों को जेल में ही रखा जाए या उनकी हिरासत को लेकर कोई नया फैसला सुनाया जाए। सीबीआई द्वारा जुटाए गए नए सुराग कोर्ट की कार्यवाही में क्या मोड़ लाते हैं, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
Comments
0 comment