रंग को लेकर ताना देने का विवाद, शिकायत करने पहुंची मां की चाकू मारकर हत्या उत्तर प्रदेश एक महीने पहले 44
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के रुधौली इलाके में बच्चे को काला-कलूटा कहकर चिढ़ाने की शिकायत करने पहुंची एक महिला पर पड़ोसन ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला खुशनुमा को हिरासत में ले लिया है।

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में महज एक ताने ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। बच्चों को काला-कलूटा कहकर चिढ़ाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने दूसरी महिला के सीने में चाकू उतार दिया। मामूली बहस पलक झपकते ही खूनी संघर्ष में बदल गई और एक महिला की जान चली गई। बस्ती के रुधौली इलाके में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत पसरी हुई है।

रंग को लेकर बच्चे को दिया जाता था ताना

रुधौली थाना क्षेत्र के बभनी मिश्र गांव के पुरवा महुआ बैरियहवा में मंगलवार की शाम तक हालात बिल्कुल सामान्य थे। बच्चे खेलने में मगन थे और लोग अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। किसी को भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में एक छोटी-सी तकरार खूनखराबे में तब्दील हो जाएगी।

गांव में अगल-बगल रहने वाली दो महिलाओं के परिवारों के बीच बच्चों को लेकर नोकझोंक छिड़ी। आरोप है कि बच्चों को काला-कलूटा कहकर चिढ़ाया जा रहा था। इसी बात पर दोनों पक्षों में बहस गरमा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देखते ही देखते विवाद ने इतना उग्र रूप ले लिया कि दोनों महिलाओं के बीच तीखी झड़प होने लगी।

गुस्से में पड़ोसन ने चाकू से किया वार

इसी झड़प के बीच आपा खोकर खुशनुमा नाम की महिला ने पड़ोस में रहने वाली माजिदा पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगते ही माजिदा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायल महिला को अस्पताल लेकर भागे।

गंभीर हालत में माजिदा को संतकबीरनगर जिले के सेमरियावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

घटना के बाद गांव में सन्नाटा और भय का माहौल बन गया। लोगों को यकीन ही नहीं हो रहा था कि बच्चों को लेकर शुरू हुई मामूली तकरार इतनी बड़ी वारदात में बदल जाएगी। सूचना मिलते ही रुधौली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपी महिला खुशनुमा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

क्या बोले सीओ कुलदीप यादव

सीओ कुलदीप यादव का कहना है कि खुशनुमा नाम की महिला रंग को लेकर मजीदा के बच्चे पर गलत कमेंट करती थी, जिसकी शिकायत लेकर वह खुशनुमा के घर पहुंची थी। उसी दौरान खुशनुमा ने मजीदा पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

उन्होंने बताया कि परिजन तत्काल उसे संतकबीरनगर जनपद के सेमरियावां सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चेतन तिवारी पाबना के उत्तर प्रदेश संवाददाता हैं और राज्य की राजनीति, प्रशासन तथा जमीनी मुद्दों को कवर करते हैं। लखनऊ में रहते हुए वे जिलों से लेकर विधानसभा तक की खबरें संतुलित रिपोर्टिंग के साथ पाठकों तक पहुंचाते हैं। आम लोगों के मुद्दों और स्थानीय घटनाओं पर उनका खास फोकस रहता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप