यूपी में बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा, आगरा से लेकर गोंडा-बरेली तक ताबड़तोड़ एनकाउंटर उत्तर प्रदेश एक घंटा पहले 5
उत्तर प्रदेश में पुलिस का 'ऑपरेशन लंगड़ा' लगातार जारी है. बरेली, आगरा, गोंडा और अमेठी में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में कई बदमाश घायल होकर पकड़े गए हैं.

उत्तर प्रदेश में पुलिस का बदमाशों के खिलाफ अभियान थमने का नाम नहीं ले रहा है. राज्य में 'ऑपरेशन लंगड़ा' के तहत लगातार मुठभेड़ें हो रही हैं, जिनमें कुछ बदमाश मारे जा रहे हैं तो कई के पैरों में गोली लगने से वे घायल होकर पुलिस की गिरफ्त में आ रहे हैं. हाल ही में बरेली, आगरा, गोंडा और अमेठी में पुलिस ने अलग-अलग वारदातों के आरोपियों को मुठभेड़ के बाद दबोचा है.

बरेली में दो लुटेरे घायल

बरेली में मुठभेड़ के दौरान बदमाश ओमकार के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया. वहीं उसका साथी करण मौर्य भागते समय बाइक से गिर गया, जिससे वह भी जख्मी हो गया. दोनों आरोपियों की उम्र क्रमशः 22 और 23 साल है. पुलिस को इन दोनों की लूट के एक मामले में तलाश थी. चार दिन पहले इन्होंने एक राहगीर से लूट की वारदात को अंजाम दिया था. यह मुठभेड़ थाना बहेड़ी के देवीपुर बाजार के पास हुई.

आगरा में हत्या का आरोपी गिरफ्तार

आगरा में हत्या के एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया. इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. दरअसल 10 जून को एक महिला से लूट के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी. इस वारदात का आरोप उसी के गांव के रहने वाले मनु निषाद पर था. आरोपी के पास से लूटे गए आभूषण, बिना नंबर की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं. यह मुठभेड़ थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र के बटेश्वर परिक्रमा रोड पर हुई.

गोंडा में चोरों के गैंग से भिड़ंत

गोंडा में अंतर्जनपदीय चोरों के एक गिरोह के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई. इस दौरान एक शातिर बदमाश राम चन्दर के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया. राम चन्दर के साथ नईम और चांद बाबू को भी गिरफ्तार कर लिया गया. बदमाशों के कब्जे से 93 हजार नकद, 11 ग्राम सोना और 1.1 किलोग्राम चांदी बरामद की गई. ये नकदी और आभूषण लूट तथा चोरी की वारदातों से जुड़े हैं. इसके अलावा एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस भी बरामद हुआ. पुलिस ने इन बदमाशों को कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में पकड़ा.

अमेठी में 25 हजार का इनामी लुटेरा दबोचा

अमेठी में पुलिस और लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में 25,000 के इनामी शातिर लुटेरे इमरान के पैर में गोली लगी. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोपी ने 2 जून को अपने साथियों के साथ मिलकर एक महिला को उसी के घर में बंधक बनाकर लूट की थी. इस लुटेरे के दो साथी पहले ही जेल जा चुके हैं. आरोपी के पास से लूट के जेवरात, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं. यह मुठभेड़ जायस कोतवाली क्षेत्र के गंगाराम पुरवा मोड़ के पास हुई.

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!