उत्तर प्रदेश
एक घंटा पहले
3
विचारों
आला कत्ल बरामदगी के दौरान हाफ एनकाउंटर
पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के यमुनानगर ज़ोन में मंगलवार 16 जून को हुए तिहरे हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने तेज़ी से कर दिया है। प्रेमिका की ओर से शादी से इनकार किए जाने पर हैवानियत पर उतरे प्रेमी ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर युवती के बड़े पिताजी और दो चाचियों को मौत के घाट उतार दिया था। रिकॉर्ड समय में इस वारदात का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
मंगलवार की रात जब पुलिस मुख्य आरोपी हिमांशु यादव को साथ लेकर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने पहुंची, तो उसने एक सब इंस्पेक्टर की पिस्टल छीन ली और फायर कर दिया। इसके जवाब में हुई पुलिस की फायरिंग में हिमांशु यादव के पैर में गोली लग गई।
घटनास्थल पर क्या हुआ
यमुनानगर ज़ोन के डीसीपी विवेक चंद्र यादव के अनुसार, मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस आला कत्ल बरामद करने के लिए पैरानीपुर की झाड़ियों के पास लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने एक सब इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनकर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अभियुक्त हिमांशु यादव के पैर में लगी। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस तरह आरोपियों तक पहुंची पुलिस
डीसीपी विवेक चंद्र यादव के मुताबिक मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में सोमवार देर रात तीन बुज़ुर्गों की सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर निर्ममता से हत्या कर दी गई थी। एक ही परिवार के इन तीनों मृतकों की पहचान 65 वर्षीय श्यामलाल उर्फ कल्लू, 62 वर्षीय अमरावती और 60 वर्षीय इंद्रावती के रूप में हुई। दोनों मृतक महिलाएं श्यामलाल उर्फ कल्लू के भाइयों की पत्नियां थीं।
परिजनों की तहरीर पर मेजा थाने में नामज़द एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची। आरोपी के मोबाइल फोन से यह जानकारी मिली कि उसने रात करीब 10.15 बजे मृतक श्यामलाल से बात की थी। इसके अलावा 'समाजवादी टाइगर' हिमांशु यादव की फेसबुक आईडी से मृतक के भाई की बेटी के साथ कुछ तस्वीरें साझा की गई थीं।
किस वजह से हुई हत्या
पुलिस ने तिहरे हत्याकांड में तीन हत्यारोपियों के अलावा मुख्य आरोपी हिमांशु के भाई अंकित यादव और ग्राम प्रधान गुड्डू यादव को मिलाकर कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रेमिका से शादी करने से इनकार किए जाने पर हिमांशु यादव ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर इस तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। हिमांशु, निहाल गौतम और राजन ने बांस के खूंटे से सिर पर हमला कर तीनों की जान ले ली।
नाबालिग बेटी से शादी करना चाहता था आरोपी
डीसीपी के अनुसार मुख्य आरोपी हिमांशु यादव मृतक श्यामलाल के भाई की नाबालिग बेटी से शादी करना चाहता था। करीब चार महीने पहले फरवरी में प्रेमी युगल घर से फरार हो गया था, जिसके बाद गांव में तनाव काफी बढ़ गया था। ग्राम प्रधान गुड्डू यादव ने दबाव बनाकर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। लड़की के परिजनों के शादी से इनकार करने पर हिमांशु बौखला उठा। दोनों परिवार एक ही गांव के रहने वाले हैं।
12 घंटे में सुलझा केस
पुलिस ने इस तिहरे हत्याकांड का खुलासा 12 घंटे के भीतर कर दिया। हिमांशु और उसके दोनों दोस्त निहाल व राजन अब पुलिस की गिरफ्त में हैं। हिमांशु यादव के भाई अंकित यादव को उसकी मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जबकि ग्राम प्रधान गुड्डू यादव को चार महीने पहले समझौता कराने और पुलिस को सूचना न देने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर आला कत्ल बरामद कर लिया गया है। नाकाम इश्क ने एक ही परिवार के एक पुरुष और दो महिलाओं की जीवनलीला समाप्त कर दी, फिर भी पुलिस ने बेहद कम समय में हत्याकांड का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को दबोच लिया।
Comments
0 comment