मनोरंजन
2 घंटे पहले
2
विचारों
स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे इन दिनों सुर्खियों में बने हुए हैं, मगर इसकी वजह कोई सकारात्मक उपलब्धि नहीं बल्कि एक बड़ा विवाद है। उनके स्टैंडअप कॉमेडी शो को लेकर बखेड़ा खड़ा हो गया है। शो से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैले, जिनमें से एक में हिमांशु जांगड़ा नाम के व्यक्ति ने '370 रुपये की बिरयानी' को लेकर शर्मनाक बात कही और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी की। वहीं दूसरे वीडियो में सेजल पवार नाम की मेडिकल छात्रा शवों को लेकर ऐसी बातें करती दिखीं, जिन पर कड़ी आपत्ति जताई गई। इन वीडियो के वायरल होने के बाद जहां हिमांशु जांगड़ा को नौकरी से हाथ धोना पड़ा, वहीं अब डॉ. सेजल पवार को 15 दिन की अनिवार्य छुट्टी पर भेज दिया गया है।
15 दिन की अनिवार्य छुट्टी पर भेजी गईं सेजल
पूरे विवाद के बाद MBBS छात्रा सेजल पवार को 15 दिन की जबरन छुट्टी पर भेज दिया गया है। साथ ही उनके हॉस्टल और कॉलेज परिसर में प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। पांच सदस्यों की एक कमेटी ने सेजल के खिलाफ यह कदम उठाया है और जांच पूरी करने के बाद वह सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। KEM अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की छात्रा सेजल पवार सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के कारण विवादों में घिर गई हैं।
प्रणित मोरे के शो से शुरू हुआ बवाल
दरअसल हाल ही में सेजल पवार का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह बिग बॉस 18 फेम स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में 'क्राउड वर्क' के दौरान मृत पुरुषों के प्राइवेट पार्ट्स के बारे में अपमानजनक बातें करती दिखीं। शो की बातचीत के सेशन में सेजल यह बताती हैं कि कैसे वह और उनके साथी कई बार पुरुष शवों के प्राइवेट पार्ट्स को लेकर आपस में चर्चा और तुलना किया करते थे। यह वीडियो सामने आते ही सेजल ट्रोलिंग का शिकार हो गईं और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी।
वायरल वीडियो की जांच में जुटा कॉलेज
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मेडिकल कॉलेज ने इसकी जांच शुरू की। शुरुआती पड़ताल में यह सामने आया कि वीडियो में दिख रही युवती सेजल पवार ही हैं। उनके बयानों को पहली नजर में ही अनुचित और अस्वीकार्य मानते हुए संस्थान ने उन्हें 15 दिन की अनिवार्य छुट्टी पर भेजने का निर्णय लिया। इस दौरान वह किसी भी शैक्षणिक या कॉलेज की अन्य गतिविधि में हिस्सा नहीं ले सकेंगी। पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए एक कमेटी भी बनाई गई है, जिसमें एक रिटायर्ड वरिष्ठ प्रोफेसर, एक वरिष्ठ पत्रकार और मेडिकल कॉलेज के तीन फैकल्टी सदस्य शामिल किए गए हैं।
Comments
0 comment