बड़वानी में आवारा कुत्तों के हमले में महिला की मौत, गुस्साए लोगों ने परिजनों के लिए मुआवजे की मांग की मध्य प्रदेश एक घंटा पहले 2
मध्य प्रदेश के बड़वानी में आवारा कुत्तों के हमले से 35 साल की एक महिला की मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम में शव पर काटने और नोचने के निशान मिलने की पुष्टि हुई है, वहीं नाराज लोगों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की है।

बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी कस्बे में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे इलाके के लोगों की चिंता एक बार फिर गहरा गई है। ऐसी ही एक घटना में आवारा कुत्तों के हमले से 35 साल की एक महिला की जान चली गई। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। पोस्टमॉर्टम पैनल में शामिल एक चिकित्सक ने महिला के शव पर कुत्तों के काटने और नोचने के निशान मिलने की पुष्टि की है। उधर, इस घटना से नाराज लोगों ने मृतका के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

आवारा कुत्तों के हमले का शिकार बनी महिला

स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व पार्षद राकेश मकवाने ने संवाददाताओं को बताया कि लीला बाई बकावले (35) शुक्रवार दोपहर अपने घर से राजघाट रोड क्षेत्र में लकड़ियां और कबाड़ बीनने गई थीं, जहां चार-पांच आवारा कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमले में बुरी तरह घायल महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मकवाने के मुताबिक बकावले रोजाना लकड़ियां और कबाड़ इकट्ठा कर उन्हें बेचती थीं और इसी कमाई से अपने परिवार की बुनियादी जरूरतें पूरी करती थीं।

उन्होंने बताया कि महिला के परिवार में बीमार पति, बुजुर्ग पिता और एक बच्चा है। दुखद पहलू यह है कि पूरा परिवार महिला की कमाई पर ही निर्भर था, जो अब इस दुनिया में नहीं रहीं।

परिजनों के लिए आर्थिक मदद की मांग

पूर्व पार्षद ने आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर आंदोलन की चेतावनी देते हुए प्रशासन से बकावले के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि शहर के चूना भट्टी क्षेत्र में भी कुछ समय पहले एक बुजुर्ग महिला की आवारा कुत्तों के हमले में मौत हो चुकी है।

पोस्टमॉर्टम में शरीर पर मिले काटने के निशान

इस बीच जिला अस्पताल में चिकित्सकों के तीन सदस्यीय पैनल ने महिला के शव का पोस्टमॉर्टम किया। पैनल में शामिल डॉ. अनिल सिंह जामोद ने पुष्टि की कि पोस्टमॉर्टम के दौरान महिला के गले, सिर, दोनों हाथों और दोनों पैरों पर कुत्तों के बुरी तरह काटने और नोचने के निशान मिले हैं। उन्होंने बताया कि इन्हीं गंभीर घावों के कारण महिला की मौत हुई और विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को भेजी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ला ने कहा कि विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट देखने के बाद ही वह घटना को लेकर कोई जानकारी दे पाएंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!