भारत
एक घंटा पहले
3
विचारों
देश के ज्यादातर हिस्सों में इन दिनों मौसम विभाग ने बारिश और आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी कर रखी है। मानसून की बात करें तो केरल में 4 जून को इसने दस्तक दे दी है। भारत में मानसून की शुरुआत सबसे पहले केरल से ही होती है। यहां पहुंचने के बाद यह पहले दक्षिण भारत के राज्यों और फिर क्रमशः उत्तर भारत की ओर बढ़ता है। हालांकि मानसून के औपचारिक रूप से पहुंचने से पहले ही यूपी, बिहार और दिल्ली में इन दिनों जमकर बरसात हो रही है। आइए जानते हैं कि मानसून यूपी, बिहार और दिल्ली में कब तक पहुंचेगा।
केरल के कई जिलों में रेड अलर्ट
केरल में राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। आईएमडी ने प्रदेश के आठ जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' घोषित किया है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए पांच जिलों मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में 'रेड अलर्ट' जारी किया है। वहीं रविवार के लिए मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड में 'रेड अलर्ट' लागू किया गया है। इस अलर्ट को देखते हुए वायनाड, कोझिकोड और कासरगोड जिलों में पर्यटकों के ट्रेकिंग स्थलों में प्रवेश, पहाड़ी रास्तों पर रात के समय यात्रा और पत्थर खनन से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है।
केरल से आगे बढ़ता मानसून
दक्षिण भारत के केरल में मानसून ने 4 जून को ही प्रवेश कर लिया था। यहां के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अब मानसून धीरे-धीरे केरल से आगे की दिशा में बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में यह मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों तक फैल सकता है। इसके साथ ही मानसून जल्द ही गोवा और महाराष्ट्र के अलावा आंध्र प्रदेश तक भी पहुंच सकता है। वहीं कर्नाटक और तमिलनाडु के भी कई क्षेत्रों में मानसून सक्रिय हो चुका है।
अब तक कहां तक पहुंचा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा मैंगलोर, ऊटी, कोडाइकनाल और थूथुकुडी से होकर गुजर रही है। विभाग ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून और आगे बढ़ेगा। इस समय इसके आगे बढ़ने के अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। अब तक मानसून पूरे लक्षद्वीप के साथ-साथ केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। इसके अलावा यह बंगाल की खाड़ी के भी कुछ हिस्सों में पहुंच गया है।
दिल्ली में कब आएगा मानसून
राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां सामान्य तौर पर मानसून जून के अंतिम सप्ताह तक पहुंचता है। इसके पहुंचने के बाद ही बारिश के मौसम की औपचारिक शुरुआत मानी जाती है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 25 जून से 30 जून यानी जून के आखिरी सप्ताह में ही दिल्ली तक पहुंचेगा। इसका असर दिल्ली से सटे एनसीआर के इलाकों में भी दिखाई देगा। दिल्ली के साथ ही नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद जैसे शहरों में भी मानसून एक साथ दस्तक देगा।
यूपी और बिहार में मानसून की स्थिति
यूपी और बिहार में भी मानसून जून के आखिरी सप्ताह तक ही दस्तक दे सकता है। बिहार में आमतौर पर 15 जून तक मानसून पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसके पहुंचने में चार से पांच दिनों की देरी हो सकती है। ऐसे में यूपी और बिहार में जून के अंतिम सप्ताह के आसपास मानसून के पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यूपी में 20 से 25 जून के बीच मानसून पहुंचने का अनुमान है। वहीं बिहार में भी 20 जून तक इसके पहुंचने की उम्मीद है।
Comments
0 comment