उत्तर प्रदेश
एक घंटा पहले
2
विचारों
उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में बिजली के करंट ने एक परिवार की खुशियां पल भर में छीन लीं। जिले की मधुबन तहसील के अंतर्गत आने वाले प्यारेपुर मिश्र गांव में गुरुवार को घटे एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। घर में लगे टुल्लू पंप (वाटर मोटर) में उतरे करंट की चपेट में आकर पिता और पुत्र की मौके पर ही जान चली गई, वहीं परिवार की महिला सदस्य मीना देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। पहले पत्नी को बचाने की कोशिश में पति और फिर माता-पिता को बचाने दौड़े जवान बेटे की मौत ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया। इस हृदयविदारक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
कैसे हुआ पूरा हादसा
यह दिल दहला देने वाली घटना गुरुवार की सुबह-सुबह घटी। घर में लगे टुल्लू पंप में अचानक विद्युत करंट उतर आया और उसकी चपेट में आने से पिता देवेंद्र मिश्र तथा पुत्र नीरज मिश्र की दर्दनाक मौत हो गई। इसी हादसे में मीना देवी बुरी तरह झुलस गईं, हालांकि उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला की चीख सुनकर परिवार के लोग उनकी ओर दौड़े, लेकिन चंद पलों में ही इस हादसे ने दो जिंदगियां निगल लीं। हंसता-खेलता परिवार देखते ही देखते मातम में बदल गया।
पुलिस भर्ती परीक्षा देने आया था नीरज
ग्रामीणों ने बताया कि नीरज मिश्र पुलिस भर्ती की तैयारी में जुटा हुआ था। वह महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था और इन दिनों घर आया हुआ था। आगामी 8 जून को उसे चंदौली में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होना था। परिवार और गांव के लोगों को उससे काफी उम्मीदें थीं, मगर नियति को कुछ और ही मंजूर था। हादसे की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिसने भी इस दर्दनाक घटना के बारे में सुना, वह स्तब्ध रह गया।
पुलिस ने क्या बताया
घटना के बारे में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्यारेपुर गांव में एक बेहद दुखद हादसे में निवासी देवेंद्र मिश्र (48 वर्ष) और उनके पुत्र नीरज मिश्र (26 वर्ष) की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
घर में लगे टुल्लू पंप में अचानक विद्युत करंट प्रवाहित हो गया था और इसी दौरान परिवार की मीना देवी (45 वर्ष) उसकी चपेट में आ गईं। उन्हें बचाने के लिए सबसे पहले पति देवेंद्र मिश्र दौड़े और पत्नी को छुड़ाने का प्रयास करने लगे, लेकिन वह खुद करंट की गिरफ्त में आ गए। पिता और मां को करंट से तड़पता देख बेटा नीरज भी उन्हें बचाने पहुंचा, मगर वह भी करंट की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पिता-पुत्र दोनों ने दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार सरोज और ढढ़वल चौकी प्रभारी अशोक तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा सिर्फ दो जिंदगियों के खत्म होने की कहानी नहीं, बल्कि एक परिवार के तमाम सपनों के बिखर जाने की मार्मिक दास्तान बन गया है।
Comments
0 comment