गेम खिलाने के बहाने ले जाकर तीन साल की बच्ची से दरिंदगी, पड़ोस का नाबालिग हिरासत में उत्तर प्रदेश 3 दिन पहले 11
बागपत के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव में पड़ोस के नाबालिग किशोर पर तीन साल की मासूम से दुष्कर्म का आरोप लगा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव से दुष्कर्म की ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की घटना उजागर हुई, जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पड़ोस में रहने वाले नाबालिग आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। पीड़ित बच्ची के परिजनों की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बच्ची की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन

तीन साल की मासूम बच्ची के साथ हुई इस घटना को लेकर परिजनों की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया गया कि बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक नाबालिग किशोर उसे लालच देकर पास के ही एक मकान की दूसरी मंजिल पर बने खाली कमरे में ले गया और वहां उसने तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

परिजनों के मुताबिक, बच्ची के रोने और चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर सभी लोग उस ओर दौड़े तो देखा कि उनकी मासूम बच्ची और नाबालिग किशोर फर्श पर आपत्तिजनक हालत में थे। परिजनों को आता देख नाबालिग आरोपी ने उनके साथ हाथापाई की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी और बच्ची को लेकर पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बागपत के लिए रेफर कर दिया गया। यहीं पर मासूम बच्ची का मेडिकल कराया गया।

पुलिस ने पीड़ित परिजनों की तहरीर के आधार पर नाबालिग किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान आरोपी नाबालिग किशोर को हिरासत में भी ले लिया गया है। पुलिस का कहना है कि सबूतों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर कार्रवाई की जा रही है।

परिजनों ने डीएम और महिला आयोग अध्यक्ष से की मुलाकात

मासूम बच्ची के परिजनों ने इस घटना को लेकर 17 जून को बागपत की डीएम अस्मिता लाल और बागपत पहुंचीं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष मीनाक्षी भराला से मुलाकात की। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए और नाबालिग आरोपी किशोर के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई करते हुए उसे दंडित किया जाए।

अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस घटना को लेकर जहां पूरे क्षेत्र में आक्रोश है, वहीं स्थानीय लोगों ने वारदात की निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!