उत्तर प्रदेश
4 घंटे पहले
4
विचारों
इटावा शहर के कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता के परिवार की नवविवाहिता बहू संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिली। ससुराल पक्ष के लोग उसके शव को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मेडिकल जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर फांसी लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी भी हुई।
ससुर हिरासत में, पति और सास फरार
सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर माहौल शांत कराया। पुलिस ने मृतका के ससुर को हिरासत में ले लिया है, जबकि बताया जा रहा है कि पति और सास घटनास्थल से फरार हो गए हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच आरंभ कर दी है।
चिकित्सक ने क्या कहा
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम थाना कोतवाली क्षेत्र के लोधी मोहल्ला निवासी सचिन शंखवार की 23 वर्षीय पत्नी मोना शंखवार का शव लेकर ससुराल पक्ष के लोग जिला अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल की इमरजेंसी में चिकित्सकों ने मोना की जांच की, जिसमें उसके गले पर फांसी लगाने जैसे निशान पाए गए।
डॉक्टर राहुल बाबू ने बताया कि परिजन मोना नामक महिला को अस्पताल लेकर आए थे और उनके द्वारा फांसी लगाने की बात कही गई थी। मेडिकल परीक्षण के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
तीन माह पूर्व हुई थी शादी
मृतका के भाई शिवम ने ससुराल पक्ष पर संगीन आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी बड़ी बहन मोना की शादी 10 मार्च 2026 को सचिन शंखवार के साथ हुई थी। उसका कहना है कि विवाह के बाद से ही पति और ससुराल वाले बहन को प्रताड़ित कर रहे थे। शिवम के मुताबिक उसकी बहन की सास कांग्रेस की बड़ी नेता रही हैं और सास हंसमुखी शंखवार ने 2014 में इटावा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ा था। आरोप है कि सास हंसमुखी, उनके पति और बेटा लगातार दहेज की मांग को लेकर मोना के साथ मारपीट करते थे और बीते दिन उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया।
भाई का आरोप- नहीं दी गई मौत की सूचना
शिवम ने बताया कि उन्हें बहन की मौत की कोई जानकारी नहीं दी गई और जब वे अस्पताल पहुंचे, तब उन्हें बहन का शव वहां मिला। उसने आरोप लगाया कि मोना का पति कोई काम-धंधा नहीं करता था, जिसके चलते सास उसके साथ अच्छा बर्ताव नहीं करती थीं। शिवम के अनुसार उनके परिवार ने मोना की शादी बहुत धूमधाम और अच्छे ढंग से की थी।
मायके में पसरा मातम
मृतका मोना संखवार मूल रूप से आगरा के जैतपुर कला की रहने वाली थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही मायके में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Comments
0 comment