TMC के बागी सांसद आज दिल्ली में दिखाएंगे ताकत, भूपेंद्र यादव के घर मुलाकात के बाद बंग भवन में डिनर बैठक भारत एक महीने पहले 23
ममता बनर्जी की पार्टी के बागी सांसद रविवार को पहले केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर पहुंचेंगे और फिर बंग भवन में डिनर पर मंथन करेंगे। इस बैठक में करीब 20 बागी सांसदों के शामिल होने की संभावना है।

नई दिल्ली: ममता बनर्जी की पार्टी TMC के भीतर पनप रही बगावत रविवार को दिल्ली में खुलकर सामने आने वाली है। पार्टी से नाराज सांसद आज राजधानी में अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। बैठक से जुड़ी सबसे अहम जानकारी यह है कि ये बागी सांसद सबसे पहले केंद्रीय पर्यावरण मंत्री और BJP नेता भूपेंद्र यादव के निवास पर पहुंचेंगे और वहां एक-दूसरे से मेल-मुलाकात करेंगे। इसके बाद बंग भवन में डिनर के दौरान उनकी अहम बैठक होगी, जिसमें TMC के 20 बागी सांसदों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

सुदीप बंदोपाध्याय भी बागी खेमे में

इस बैठक के लिए कई बागी सांसद पहले से ही दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। सायोनी घोष और माला रॉय आज कोलकाता से दिल्ली पहुंच रहे हैं। इससे पहले ममता बनर्जी के बेहद करीबी माने जाने वाले सुदीप बंदोपाध्याय भी बागी कैंप का हिस्सा बन गए हैं। बीते शनिवार को सुदीप बंदोपाध्याय ने दिल्ली में शताब्दी रॉय के साथ भूपेंद्र यादव से मुलाकात की और इसके बाद वे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी मिले।

बागी सांसदों की संख्या पहुंची 20 पर

सुदीप बंदोपाध्याय के बागी गुट में जुड़ने के बाद नाराज सांसदों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। दरअसल, लोकसभा में TMC के कुल 28 सांसदों में से दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार करने के लिए बागियों को सिर्फ 19 सांसदों की जरूरत थी, लेकिन सुदीप बंदोपाध्याय के शामिल होते ही यह आंकड़ा और मजबूत हो गया है।

ममता की पार्टी में बड़े फेरबदल

बागी खेमे में सुदीप बंदोपाध्याय और सायोनी घोष के शामिल होने के बाद ममता बनर्जी ने पार्टी संगठन में कई बड़े बदलाव कर दिए हैं। सुदीप बंदोपाध्याय की जगह नॉर्थ कोलकाता संगठनात्मक जिले का अध्यक्ष अब कुणाल घोष को बनाया गया है। वहीं सायोनी घोष को हटाकर अर्नब बनर्जी को TMC यूथ प्रेसिडेंट नियुक्त किया गया है। इसके अलावा माला रॉय की जगह TMC महिला विंग की अध्यक्ष की जिम्मेदारी अब अलीफा अहमद को सौंपी गई है।

CID की पूछताछ में घिरे अभिषेक बनर्जी

पश्चिम बंगाल चुनाव में मिली हार के बाद से TMC की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक ओर पार्टी में बगावत तेज होती जा रही है और बागी सांसद आज दिल्ली में बैठक करने वाले हैं, वहीं दूसरी ओर ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी CID के सवालों के घेरे में फंसते दिख रहे हैं। फर्जी हस्ताक्षर मामले में आज एक बार फिर अभिषेक बनर्जी से पूछताछ हो रही है और इसके लिए वे कोलकाता स्थित CID मुख्यालय पहुंच चुके हैं।

विधायकों के फर्जी हस्ताक्षर का आरोप

इससे पहले बीते 11 जून को CID अभिषेक बनर्जी से करीब 6 घंटे तक पूछताछ कर चुकी है। उन पर आरोप है कि शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष बनाने के लिए विधायकों के फर्जी हस्ताक्षर कराए गए। बार-बार समन भेजे जाने के बावजूद अभिषेक CID के सामने पेश नहीं हो रहे थे, लेकिन कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब उन्हें सवाल-जवाब का सामना करना पड़ रहा है।

देवेंद्र पांडेय पाबना के राजनीतिक संवाददाता हैं और राष्ट्रीय राजनीति, सरकार तथा नीतियों पर रिपोर्टिंग करते हैं। चुनाव, संसद और बड़े सियासी घटनाक्रमों का वे गहराई से विश्लेषण करते हैं। उनकी रिपोर्टिंग निष्पक्ष और तथ्यों पर आधारित होती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप