गर्मी में पित्ती की समस्या से जूझ रहे हैं? राहत के लिए अपनाएं ये असरदार घरेलू नुस्खे जीवनशैली एक महीने पहले 25
गर्मी के मौसम में सर्द-गर्म की वजह से शरीर पर पित्ती उछलने लगती है, जिससे लाल चकत्ते, खुजली और जलन होती है। डॉक्टर के बताए कुछ आसान घरेलू उपायों और सावधानियों से इस परेशानी से छुटकारा पाया जा सकता है।

जैसे-जैसे गर्मी अपने तेवर दिखाती है, वैसे-वैसे इसका असर इंसानी शरीर पर भी नजर आने लगता है। इन्हीं दिनों में लोग अक्सर कुछ छोटी-छोटी गलतियां कर बैठते हैं, जिनके चलते उन्हें त्वचा से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसी ही एक आम परेशानी है पित्ती, जो कई लोगों को बेहद बेचैन कर देती है।

आखिर पित्ती होती क्या है?

अगर आप गर्मी में सफर करके या काम के सिलसिले में धूप से घर लौटते हैं और अचानक शरीर पर लाल-लाल चकत्ते उभर आते हैं, जिनमें तेज खुजली और जलन महसूस होती है, तो आम बोलचाल में इसे ही पित्ती उछलना कहा जाता है। दरअसल यह कोई गंभीर बीमारी नहीं, बल्कि एक तरह की स्किन एलर्जी है। इस पर वह पुरानी कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है — 'देखन में छोट लागे, घाव करे गंभीर'। पित्ती भले ही सेहत को कोई बड़ा नुकसान न पहुंचाए, पर एक-दो घंटे के लिए इंसान को बुरी तरह परेशान कर देती है। हालांकि कुछ छोटी-छोटी बातों का ख्याल रखकर इस समस्या से आसानी से बचा जा सकता है।

सर्द-गर्म ही है मुख्य वजह

वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर नंद कुमार मंडल बताते हैं कि गर्मी बढ़ते ही कई लोगों को शरीर पर लाल धब्बे, तेज खुजली और जलन के साथ पित्ती उछलने की शिकायत होने लगती है। इसकी सबसे बड़ी वजह 'सर्द-गर्म' की स्थिति है। जब शरीर पर अचानक ठंडी और गर्म हवा या तापमान का एक साथ असर पड़ता है, तो त्वचा प्रतिक्रिया करती है और यह एलर्जी उभरकर सामने आ जाती है।

इन बातों का रखें खास ख्याल

तुरंत पानी न पीएं: तेज धूप या काम से लौटते ही फौरन ठंडा पानी पीने से बचें। पहले शरीर के तापमान को सामान्य होने दें।

कपड़ों की सफाई पर ध्यान दें: अक्सर लोग कपड़े धोने के बाद उन्हें ठीक से नहीं खंगालते और सीधे सुखाकर पहन लेते हैं। ऐसा करने पर कपड़ों में डिटर्जेंट या साबुन के अंश रह जाते हैं। पसीना आने पर ये केमिकल त्वचा पर चिपक जाते हैं और एंटीबैक्टीरियल या फंगल इन्फेक्शन की वजह बनते हैं। इसलिए कपड़ों को साफ पानी से अच्छी तरह धोएं।

सूती कपड़े पहनें: ज्यादा पसीना आने से भी पित्ती की समस्या बढ़ती है। कई लोग गर्मी में पॉलिएस्टर या सिंथेटिक कपड़े पहन लेते हैं, जो पसीना नहीं सोखते। इनकी जगह हमेशा सूती यानी कॉटन कपड़ों का इस्तेमाल करें, ताकि त्वचा को हवा मिलती रहे।

पित्ती से राहत के आसान घरेलू उपाय

डॉक्टर मंडल के मुताबिक, अगर शरीर पर पित्ती निकल आए तो डॉक्टर के पास जाने से पहले आप घर पर ही इन असरदार नुस्खों को आजमा सकते हैं।

नारियल तेल और गंधक: पित्ती उछलने पर नारियल के तेल में थोड़ा-सा गंधक मिलाकर प्रभावित जगह पर लगाएं। इसे शरीर पर लगाते ही पित्ती और खुजली से तुरंत आराम मिल जाता है।

एलोवेरा जेल: एलोवेरा के ताजे पत्ते को तोड़कर उसका जेल सीधे लाल चकत्तों पर लगाएं। एलोवेरा जेल त्वचा को प्राकृतिक ठंडक देता है, जिससे खुजली, जलन और लाल धब्बे बहुत जल्दी ठीक हो जाते हैं।

प्रिया नायर पाबना की लाइफस्टाइल एवं फैशन एडिटर हैं, जो फैशन, ब्यूटी और लाइफस्टाइल ट्रेंड्स कवर करती हैं। रिश्तों, संस्कृति और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर भी वे लिखती हैं। उनका लेखन आधुनिक और भारतीय जीवनशैली का संतुलन पेश करता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप