व्यापार
52 मिनट पहले
2
विचारों
झारखंड की राजधानी रांची की रहने वाली सुष्मिता अपना खुद का एक मसाला ब्रांड चलाती हैं। उनका मानना है कि महिलाओं को बिजनेस शुरू करने के लिए घर से बाहर निकलने की जरूरत नहीं है, वे अपने किचन से ही इसकी शुरुआत कर सकती हैं और मार्केटिंग भी ऑनलाइन तरीके से की जा सकती है। उनका कहना है कि अगर प्रोडक्ट में दम हो तो कामयाबी को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने बताया कि मसाले किस तरह तैयार किए जाते हैं और उनकी ब्रांडिंग व क्वालिटी कैसे सुनिश्चित की जाती है। आइए जानते हैं उनकी सफलता के राज।
पहले क्वालिटी सुधारें, मुफ्त में बांटकर लें फीडबैक
सुष्मिता बताती हैं कि अगर घर से मसाला बेचना शुरू करना है तो सबसे पहले खुद मसाला बनाना शुरू करें और उसे अपने आस-पड़ोस के लोगों को दें तथा उनसे पूछें कि स्वाद कैसा लगा। शुरुआत में मुफ्त में बांटें और लोगों की राय लें। यानी सबसे पहला काम अपने मसाले की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है।
शुरुआत में मुनाफे की चिंता न करें
उनका कहना है कि पहले पैसे पर ध्यान न दें, बल्कि यह देखें कि आपकी क्वालिटी कैसी है और लोगों को पसंद आ रही है या नहीं। रिश्तेदारों को भी मसाला दें और अगर खराब फीडबैक मिले तो बिल्कुल निराश न हों। बैठकर यह समझने की कोशिश करें कि कमी कहां रह जा रही है। अगर एक चीज को 50 बार बनाना पड़े तो 50 बार बनाएं, इसमें कोई हर्ज नहीं है। सफलता पाने के लिए हताश होना ठीक नहीं।
पैकेजिंग और ब्रांडिंग पर दें खास ध्यान
इसके बाद बारी आती है पैकेजिंग और ब्रांडिंग की। सबसे पहले अपने ब्रांड का नाम तय करें कि आप किस तरह का नाम रखना चाहते हैं। फिर किसी एनिमेशन स्टोर में जाकर डिब्बे पर छपने वाली पूरी जानकारी तैयार करवा सकते हैं, जैसे एक्सपायरी डेट, मसाले में मिली सामग्री की सूची या फिर कोई खास रेसिपी, जिससे ग्राहक को पता चले कि इस मसाले से वह क्या-क्या बना सकता है।
इसका फायदा यह होगा कि जब लोग डिब्बा खरीदेंगे तो उन्हें उस पर एक रेसिपी भी नजर आएगी। इस तरह एनिमेशन स्टोर से सारे स्टिकर बनवा लें और ध्यान रहे कि डिब्बे हाई क्वालिटी के हों। क्योंकि दुनिया पहले बाहरी चमक देखती है, अंदर की बात बाद में पता चलती है। इसलिए ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बाहरी पैकेजिंग शानदार होनी चाहिए।
सोशल मीडिया से करें मार्केटिंग
जब यह सब तैयार हो जाए तो सबसे पहले सोशल मीडिया का इस्तेमाल करें। इंस्टाग्राम, फेसबुक और अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रोडक्ट की जानकारी डालना शुरू करें और शुरुआत में 50% तक का डिस्काउंट दें। ऐसा करने पर ऑर्डर जरूर आएंगे। इंस्टाग्राम पर अपना ऑफिशियल पेज बनाएं और उस पर कॉन्टैक्ट नंबर तथा ईमेल आईडी समेत सारी जानकारी दें।
एक-दो ऑर्डर को बनाएं स्थायी ग्राहक
धीरे-धीरे आपको एक और दो ऑर्डर मिलने लगेंगे और यहीं से आपकी सबसे बड़ी जीत शुरू होगी। अगर इन्हीं एक-दो ऑर्डर को आप दोबारा हासिल करने यानी रिपीट कराने में कामयाब हो जाते हैं, तो इसी तरह आपके लॉयल कस्टमर बनते चले जाएंगे।
धैर्य और मेहनत है सबसे बड़ी शर्त
एक बात का खास ध्यान रखें कि किसी भी बिजनेस में ईमानदारी, लगन और धैर्य की जरूरत होती है। कम से कम 5 साल तक जी-तोड़ मेहनत करनी पड़ेगी और इसमें कोई शॉर्टकट नहीं चलता। अगर आप इतना कर लेते हैं तो एक समय के बाद आपको सफल होने से कोई नहीं रोक सकता और फिर घर बैठे आराम से लाख रुपये की कमाई होती रहेगी।
Comments
0 comment