75 प्रतिशत से कम अंक पाने वाले विद्यार्थी भी पा सकते हैं IIT में दाखिला, IIT रुड़की ने बताई पूरी प्रक्रिया शिक्षा एक घंटा पहले 3
आईआईटी रुड़की ने स्पष्ट किया है कि 75 फीसदी से कम अंक पाने वाले छात्र भी प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते वे 15 जुलाई 2026 तक अपनी श्रेणी के अनुसार न्यूनतम अंकों वाला संशोधित स्कोर कार्ड भेज दें।

आईआईटी रुड़की ने यह स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों ने 75 फीसदी से कम अंक हासिल किए हैं, वे भी आईआईटी में दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। आमतौर पर आईआईटी में प्रवेश पाने के लिए सामान्य वर्ग और ओबीसी के विद्यार्थियों को कम से कम 75 फीसदी अंक लाने होते हैं, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग छात्रों के लिए 12वीं की परीक्षा में न्यूनतम 65 फीसदी अंक जरूरी होते हैं।

इस वर्ष सीबीएसई बोर्ड के 12वीं के परिणाम को लेकर खासा विवाद चल रहा है। कई छात्रों ने कम नंबर मिलने की शिकायत करते हुए उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच की मांग की है, तो कुछ विद्यार्थी फिर से परीक्षा देना चाहते हैं। ऐसी स्थिति में आईआईटी रुड़की ने इन छात्रों को अवसर देने के मकसद से नियमों में कुछ ढील दी है।

75% से कम अंक वालों को भी मिलेगा मौका

आईआईटी ने उन लाखों सीबीएसई छात्रों को बड़ी राहत दी है जिन्होंने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया है। संस्थान ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "जिन स्टूडेंट्स के कक्षा 12 में 75% से कम (सामान्य/ओबीसी-एनसीएल/सामान्य-ईडब्ल्यूएस श्रेणियों के लिए) या 65% से कम (एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी श्रेणियों के लिए) हैं, कृपया इन बातों पर ध्यान दें: आप अभी अपनी चॉइस भरने के लिए एलिजिबल हैं और आपकी रैंक के आधार पर आपको सीटें दी जाएंगी। आपको अपनी कैटेगरी के अनुसार कम से कम 75% या 65% के साथ रिवाइज्ड स्कोर कार्ड 15 जुलाई 2026 तक orgjee@iitr.ac.in पर ईमेल से भेजना होगा। इसके मिलने पर, चौथे राउंड के आखिर में आपको जो भी सीट दी जाएगी, उसमें एडमिशन दिया जाएगा।"

15 जुलाई तक भेजना होगा संशोधित परिणाम

आईआईटी रुड़की ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को अपनी श्रेणी के अनुसार कम से कम 75 प्रतिशत या 65 प्रतिशत अंकों वाला नया स्कोर कार्ड 15 जुलाई 2026 तक orgjee@iitr.ac.in ईमेल के जरिए भेजना होगा। स्कोर कार्ड मिलने के बाद, चौथे दौर के अंत में आवंटित होने वाली सीट पर ही प्रवेश दिया जाएगा। जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी की आधिकारिक वेबसाइट josaa.nic.in पर अंकों में छूट के संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक अपडेट उपलब्ध नहीं है। हालांकि, जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी ने सीट मैट्रिक्स जारी कर दिया है। वर्ष 2026 में सीटों की संख्या में 4,470 की बड़ी बढ़ोतरी की गई है।

JoSAA काउंसलिंग के लिए आवेदन कैसे करें

JoSAA काउंसलिंग के लिए आवेदन करने हेतु उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट josaa.nic.in पर जाकर JoSAA काउंसलिंग पंजीकरण लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद काउंसलिंग फॉर्म में मांगी गई आवश्यक जानकारी भरनी होगी और काउंसलिंग शुल्क का भुगतान करना होगा। जानकारी भरने के बाद सबमिट बटन पर क्लिक करें। अंत में, JoSAA काउंसलिंग पंजीकरण फॉर्म की पीडीएफ फाइल सहेज लें और उसका प्रिंटआउट अपने पास रख लें।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!