NRI के लिए SBI, ICICI समेत कई बैंकों की नई FCNR स्कीम, विदेशी मुद्रा जमा पर मिलेगा ऊंचा ब्याज मेरा पैसा 2 घंटे पहले 1
एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक समेत देश के कई बड़े बैंकों ने प्रवासी भारतीयों के लिए आकर्षक ब्याज दरों वाली नई FCNR-B डिपॉजिट स्कीम पेश की है। इस पहल से करीब 60 से 70 अरब अमेरिकी डॉलर की विदेशी पूंजी भारत आने की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रवासी भारतीयों (NRI) को लुभाने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और आईसीआईसीआई बैंक सहित देश के कई प्रमुख बैंकों ने गुरुवार को ऊंची ब्याज दरों वाली एक नई विदेशी मुद्रा प्रवासी (FCNR-B) जमा योजना की शुरुआत की। एनआरआई फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर ब्याज दरें बढ़ाने का यह कदम तब उठाया गया है, जब कुछ ही दिन पहले भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंकों के लिए 30 सितंबर तक विदेशी मुद्रा अदला-बदली खिड़की खोलने की घोषणा की थी।

60-70 अरब डॉलर की विदेशी पूंजी आने का अनुमान

रिजर्व बैंक के इस फैसले से बैंकों को इन जमाओं पर पड़ने वाली मुद्रा 'हेजिंग' की लागत से व्यावहारिक रूप से राहत मिली है, जिसके चलते उनके पास जमा दरों को बढ़ाने की गुंजाइश बन गई है। इस पहल का मकसद विदेश में बसे भारतीयों से फॉरेन करेंसी डिपॉजिट को आकर्षित करना है। जानकारों का अनुमान है कि इस जमा योजना के जरिए करीब 60 से 70 अरब अमेरिकी डॉलर की विदेशी पूंजी भारत आ सकती है।

किस बैंक से NRI को कितना रिटर्न

  • आईसीआईसीआई बैंक ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि वह 11 जून से एनआरआई एफडी पर 6.50 प्रतिशत ब्याज दे रहा है।
  • एसबीआई ने अमेरिकी डॉलर में 3 से 5 साल की अवधि वाली नई 'एसबीआई एडवांटेज एफसीएनआर (बी)' जमा योजना शुरू की है, जिसमें एक साल का लॉक-इन पीरियड रखा गया है। बैंक के अनुसार, 10 लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक की 3 से 4 साल की जमा पर 5.50 प्रतिशत, 4 से 5 साल की जमा पर 5.75 प्रतिशत और 5 साल की जमा पर 6 प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा।
  • बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी अपनी नई एफसीएनआर (बी) योजना के तहत अमेरिकी डॉलर, ब्रिटिश पाउंड, यूरो, ऑस्ट्रेलियाई डॉलर और कनाडाई डॉलर में 3 से 5 साल की अवधि वाली जमाओं पर ब्याज दरें बढ़ाई हैं। नई दरों के मुताबिक अमेरिकी डॉलर जमा पर अधिकतम 6 प्रतिशत, ब्रिटिश पाउंड और ऑस्ट्रेलियाई डॉलर जमा पर 4.75 प्रतिशत, कनाडाई डॉलर जमा पर 5.15 प्रतिशत तथा यूरो जमा पर 3.75 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।
  • कोटक महिंद्रा बैंक के मुताबिक, 11 जून से 3-5 साल की अवधि वाले एफसीएनआर (बी) डिपॉजिट पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर से कम की जमा पर 6 प्रतिशत और इससे अधिक की जमा पर 6.15 प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा।
  • एचडीएफसी बैंक ने भी 10 जून से 3-5 साल की एफसीएनआर (बी) जमा पर ब्याज दर बढ़ाकर 6 प्रतिशत कर दी है। यह दर 10 जून से 30 सितंबर, 2026 के बीच खोले गए जमा खातों पर लागू होगी।
  • एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने अमेरिकी डॉलर में एफसीएनआर (बी) जमा पर मिलने वाले अधिकतम ब्याज को सालाना 5.15 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.10 प्रतिशत कर दिया है। नई दरें 10 जून, 2026 से प्रभावी हैं।

NRI के बीच क्यों पसंद किया जाता है FCNR-B खाता

एफसीएनआर (बी) खाता एनआरआई को विदेशी मुद्रा के रूप में भारत में पैसा जमा करने की सुविधा देता है। इन खातों पर मिलने वाला ब्याज और मूल राशि एक्सचेंज रेट के उतार-चढ़ाव से सुरक्षित रहती है, यही वजह है कि ये एनआरआई निवेशकों के बीच काफी लोकप्रिय माने जाते हैं।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!