कसोल में रेव पार्टी में डीजे बजाने आई रशियन युवती की ड्रग ओवरडोज से मौत भारत एक घंटा पहले 2
हिमाचल के कुल्लू स्थित मणिकर्ण घाटी के कसोल में डीजे बजाने पहुंची 29 वर्षीय रशियन युवती की ड्रग ओवरडोज से मौत हो गई। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद पुलिस ने रेव पार्टी को लेकर दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक विदेशी युवती की ड्रग ओवरडोज के कारण जान चली गई। पुलिस ने पुष्टि की है कि मणिकर्ण घाटी के कसोल में जिस युवती की मौत हुई, वह मूल रूप से रूस की रहने वाली थी। कुल्लू के एसपी मदन लाल कौशल के अनुसार, पुलिस ने युवती का शव अपने कब्जे में ले लिया और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसकी रिपोर्ट में सामने आया कि मौत ड्रग ओवरडोज से हुई है। इसके बाद पुलिस ने कसोल में आयोजित रेव पार्टी के सिलसिले में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

मणिकर्ण घाटी के जंगलों में हाई कोर्ट की रोक के बावजूद लगातार रेव पार्टियां आयोजित हो रही हैं। कसोल के जंगलों में होने वाली इन पार्टियों में खुलेआम अश्लीलता और नशे का चलन देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि 29 वर्षीय रशियन डीजे आर्टिस्ट दिशालीन की ओवरडोज से दो दिन पहले मौत हुई थी।

7 से 11 जून तक चली थी रेव पार्टी

कसोल के जंगलों में 7 से 11 जून तक रेव पार्टी का आयोजन हुआ था। इसी पार्टी में डीजे बजाने के बाद ड्रग की अधिक मात्रा लेने से युवती की मौत हो गई और वह होटल के कमरे में मृत पाई गई। आरोप है कि कसोल में पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद ऐसी पार्टियां बेरोकटोक हो रही हैं, जिनमें हजारों देशी-विदेशी पर्यटक शामिल होते हैं। इन पार्टियों का प्रचार और बुकिंग सोशल मीडिया तथा ऑनलाइन साइट्स के जरिये की जा रही है।

साल दर साल बढ़ रहा रेव पार्टी का चलन

मणिकर्ण घाटी में रेव पार्टी का प्रचलन हर साल बढ़ता जा रहा है। बताया जाता है कि इन आयोजनों का नेटवर्क इजरायल और बेंगलुरु से संचालित होता है। कसोल के जंगलों में डीजे के लाउडस्पीकर से होने वाले ध्वनि प्रदूषण के कारण आसपास के पर्यावरण को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंच रहा है।

सड़क हादसे में दो पर्यटकों की मौत

कुल्लू जिले में मणिकरण-भुंतर मार्ग पर सरसरी के पास शुक्रवार को एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से पंजाब के दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने बताया कि वाहन मणिकरण से भुंतर की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा पेश आया। उन्होंने बताया कि इस मामले में प्रासंगिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, घायलों को मंडी जिले के नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जबकि एक महिला का इलाज कुल्लू अस्पताल में चल रहा है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!