जीवनशैली
2 दिन पहले
10
विचारों
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में लोग तरह-तरह के अचार बनाने के लिए जाने जाते हैं। यहां की खास बात यह है कि बरसात आने से पहले ही अचार तैयार कर लिया जाता है, जो करीब एक साल तक खराब नहीं होता। अगर आप भी निमाड़ के बुरहानपुर का यह मशहूर अचार घर पर बनाना चाहते हैं, तो चार चीजों से तैयार होने वाला मिक्स अचार सबसे बेहतर विकल्प है।
इस अचार में हरी मिर्च, गाजर, नींबू और हल्दी—इन चार चीजों को मिलाकर तैयार किया जाता है और यह लगभग एक साल तक खराब नहीं होता। लोग इसे भोजन के साथ खाना पसंद करते हैं और सफर में भी साथ ले जाते हैं। इसे आप प्लास्टिक की बरनी में आसानी से स्टोर करके रख सकते हैं।
एक्सपर्ट महिला ने दी जानकारी
एक्सपर्ट महिला फूलाबाई ने बताया कि अगर आप बरसात से पहले अपने घर पर निमाड़ के बुरहानपुर का यह फेमस अचार बनाना चाहते हैं, तो यह बहुत ही आसान तरीके से तैयार हो जाता है। इसे बनाने में एक दिन का समय लगता है और इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह करीब एक साल तक खराब नहीं होता।
उन्होंने आगे बताया कि यह अचार बेहद कम समय में और आसानी से बन जाता है, इसलिए इसे कोई भी घर पर तैयार कर सकता है। इसे भोजन के साथ खाया जा सकता है और सफर में भी ले जाया जा सकता है। इसे बनाने के लिए मिर्ची, गाजर, नींबू, हल्दी, नमक और राई की दाल की जरूरत होती है।
ऐसे बनता है यह अचार
अगर आप घर पर यह मिक्स अचार तैयार करना चाहते हैं, तो सबसे पहले बाजार से जरूरी सामग्री ले आएं। इसके लिए आपको चाहिए होगी—
- 1 किलो पीले वाले नींबू
- 1 किलो मोटी वाली मिर्ची
- 1 किलो गीली हल्दी
- 1 किलो गाजर
- 900 ग्राम सरसों का तेल
- 200 ग्राम राई की दाल
- 300 ग्राम नमक
सबसे पहले नींबू, मिर्ची, हल्दी और गाजर—इन चारों चीजों को काट लीजिए। इसके बाद तेल को हल्का सा गर्म करिए और उसमें राई की दाल डालकर नमक मिला दीजिए। अब इन सभी चीजों को एक प्लास्टिक के बर्तन में डालकर अच्छी तरह मिक्स कर दीजिए।
मिश्रण तैयार होने के बाद इसे करीब 1 से 2 दिन तक ऐसी जगह रख दीजिए, जहां 6 से 8 घंटे धूप आती हो। इसके बाद इसे प्लास्टिक की बरनी में भर दीजिए। इस तरह आपका स्वादिष्ट मिक्स अचार तैयार हो जाएगा।
Comments
0 comment