रेजरपे ला सकती है 6,000 करोड़ रुपये तक का आईपीओ, सेबी के पास जमा किए दस्तावेज आईपीओ 2 घंटे पहले 2
फिनटेक कंपनी रेजरपे ने सेबी के पास गोपनीय रूप से आईपीओ के मसौदा दस्तावेज दाखिल किए हैं। आईपीओ का आकार 5,000 से 6,000 करोड़ रुपये के बीच रहने की संभावना है।

लोकप्रिय फिनटेक कंपनी रेजरपे ने अपना आईपीओ लाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बाजार नियामक सेबी के पास गोपनीय आधार पर मसौदा दस्तावेज जमा कर दिए हैं। माना जा रहा है कि इस आईपीओ का आकार 5,000 से 6,000 करोड़ रुपये के बीच रह सकता है। कंपनी ने सोमवार को जारी अपनी सार्वजनिक सूचना में बताया कि उसने "प्रस्तावित आईपीओ के संबंध में अपने इक्विटी शेयरों के लिए मसौदा दस्तावेज सेबी और शेयर बाजारों के पास जमा किया है।"

2014 में रखी गई थी कंपनी की नींव

हालांकि कंपनी ने अपनी इस सार्वजनिक सूचना में इश्यू के आकार से जुड़ी कोई जानकारी साझा नहीं की है। फिर भी जानकार सूत्रों के अनुसार कंपनी का लक्ष्य इस आईपीओ के जरिए 5,000 से 6,000 करोड़ रुपये जुटाने का है। रेजरपे की स्थापना साल 2014 में हर्षिल माथुर और शशांक कुमार ने की थी। कंपनी एक इंटीग्रेटेड प्लेटफॉर्म के माध्यम से पेमेंट अप्रूवल, पेमेंट डिस्ट्रिब्यूशन, बैंकिंग, पेरोल, लोन समेत कई अन्य वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराती है।

2020 में हासिल हुआ यूनिकॉर्न का दर्जा

रेजरपे देशभर में स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (MSME) से लेकर बड़ी कंपनियों तक, लाखों कारोबारों को अपनी सेवाएं देती है। कंपनी को साल 2020 में 'यूनिकॉर्न' यानी एक अरब डॉलर मूल्य वाली कंपनी का दर्जा मिला था। इसके बाद से रेजरपे ने केवल पेमेंट सेवाओं तक सीमित न रहकर एक व्यापक वित्तीय सेवा पारिस्थितिकी तंत्र विकसित किया है। आईपीओ का अंतिम आकार, वैल्यूएशन और तारीख सेबी की मंजूरी, बाजार की परिस्थितियों तथा अन्य कारकों पर निर्भर करेगी।

फोनपे ने फिलहाल टाली अपनी योजना

गोपनीय फाइलिंग व्यवस्था के तहत कंपनियों को यह सुविधा मिलती है कि वे अपने मसौदा दस्तावेज समीक्षा के लिए सेबी के पास जमा कर सकती हैं और उन्हें तुरंत सारी व्यावसायिक जानकारियां सार्वजनिक नहीं करनी पड़तीं। रेजरपे का यह कदम ऐसे समय आया है, जब उसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनी फोनपे ने पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और बाजार की अस्थिरता को देखते हुए अपनी आईपीओ योजना को फिलहाल टाल दिया है।

हाल ही में सूचीबद्ध हुई यह कंपनी

उल्लेखनीय है कि घरेलू शेयर बाजारों में हाल के दिनों में कई प्रमुख आईपीओ सूचीबद्ध हुए हैं। मेटल कारोबार से जुड़ी फरीदाबाद की कंपनी सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीस 10 जून को बाजार में सूचीबद्ध हुई थी। इसके शेयर अपने इश्यू प्राइस की तुलना में 43.43 प्रतिशत के शानदार प्रीमियम के साथ 275.40 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए थे।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!