छत्तीसगढ़ में 16 जून से खुलेंगे स्कूल, शिक्षकों के लिए ऑनलाइन हाजिरी अनिवार्य, चूक हुई तो रुकेगा वेतन छत्तीसगढ़ एक महीने पहले 20
छत्तीसगढ़ में नया शैक्षणिक सत्र 16 जून से शुरू होगा और इसी दिन शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के लिए ऑनलाइन उपस्थिति और ऑनलाइन अवकाश आवेदन प्रणाली अनिवार्य की है, जिसकी अनदेखी पर जून का वेतन रोका जाएगा।

छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। राज्य के सभी निजी और सरकारी स्कूल अब 16 जून 2026 से ही खुलेंगे। इसके साथ ही राज्य सरकार ने शिक्षकों के लिए एक अहम आदेश जारी किया है, जिसमें ऑनलाइन हाजिरी और ऑनलाइन अवकाश आवेदन को अनिवार्य बताते हुए इस व्यवस्था के सख्ती से पालन के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि यदि डिजिटल उपस्थिति दर्ज नहीं की गई या आदेश की अनदेखी हुई, तो संबंधित शिक्षकों का जून महीने का वेतन रोक दिया जाएगा।

16 जून से शुरू होगा नया सत्र

इससे पहले यह माना जा रहा था कि अधिक गर्मी को देखते हुए छुट्टियां आगे बढ़ाई जा सकती हैं, लेकिन शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 16 जून से ही होगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने नए सत्र की तैयारियों को लेकर सभी जिलों को आवश्यक निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

16 जून को मनेगा शाला प्रवेश उत्सव

राज्य में 16 जून से ही शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। इसकी तैयारी के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। स्कूल शिक्षा सचिव ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और संयुक्त संचालकों (जेडी) को पत्र भेजकर 16 जून को होने वाले प्रवेश उत्सव की तैयारियां तय समय पर पूरी करने को कहा है।

अब दर्ज होगी शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति

दूसरी ओर, स्कूल शिक्षा विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रदेश के सभी शासकीय स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए 16 जून से ऑनलाइन उपस्थिति और ऑनलाइन अवकाश आवेदन प्रणाली को अनिवार्य कर दिया है। बताया जा रहा है कि इसमें लापरवाही बरतने पर जून का वेतन रोक दिया जाएगा।

स्कूलों की मरम्मत और साफ-सफाई पर जोर

विभाग का उद्देश्य है कि नए सत्र की शुरुआत उत्साहपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से हो, ताकि विद्यार्थियों का स्वागत बेहतर माहौल में किया जा सके। इसके लिए स्कूल भवनों की मरम्मत, परिसर की साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया गया है। अधिकारियों से कहा गया है कि जहां जरूरत हो वहां रंग-रोगन समेत अन्य आवश्यक काम समय रहते पूरे कर लिए जाएं। साथ ही स्कूल परिसरों को स्वच्छ बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नए सत्र में होगा बच्चों का स्वागत

स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्कूल खुलने से पहले ही सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। प्रवेश उत्सव के दौरान नए विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा और इस बात पर जोर रहेगा कि अधिक से अधिक बच्चों का दाखिला हो। माना जा रहा है कि प्रवेश उत्सव के जरिए बच्चों और अभिभावकों को विद्यालय से जोड़ने में मदद मिलेगी।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप